LOADING...
रणजी ट्रॉफी: जम्मू-कश्मीर ने पहली बार सेमीफाइनल में बनाई जगह, क्वार्टर-फाइनल में मध्य प्रदेश को हराया
जम्मू-कश्मीर ने सेमीफाइनल में बनाई जगह (तस्वीर: एक्स/@BrigadierAnil)

रणजी ट्रॉफी: जम्मू-कश्मीर ने पहली बार सेमीफाइनल में बनाई जगह, क्वार्टर-फाइनल में मध्य प्रदेश को हराया

Feb 09, 2026
02:59 pm

क्या है खबर?

इस समय खेली जा रही रणजी ट्रॉफी 2025-26 में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने दूसरे क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश को 56 रन से हराया। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस ऐतिहासिक जीत में तेज गेंदबाज आकिब नबी डार की अहम भूमिका रही, जिन्होंने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में हुए मैच में कुल 12 विकेट अपने नाम किए। आइए मैच के बारे में विस्तार से जानते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती जम्मू-कश्मीर की टीम 

जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 194 रन बनाए, जिसमें कुलदीप सेन ने 5 विकेट हॉल लिया। जवाब में मध्य प्रदेश की पारी 152 रन पर ही सिमट गई। पहली पारी के आधार पर बढ़त बनाने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम ने दूसरी पारी में वंशज शर्मा के अर्धशतक (54) की मदद से 248 रन बनाए। आखिर में जीत के लिए मिले 291 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मध्य प्रदेश की टीम 234 पर ढेर हुई।

आकिब नबी डार

आकिब नबी डार ने मैच में लिए कुल 12 विकेट 

डार ने मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम की पहली पारी में 18.4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 40 रन देते हुए 7 विकेट लिए। उन्होंने दूसरी पारी के दौरान 24 ओवर में 70 रन देते हुए 5 विकेट लिए। उन्होंने चौथे बार मैच में 10 या उससे अधिक विकेट लिए हैं। अब तक उन्होंने 39 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसमें 18.94 की औसत के साथ 142 विकेट लिए हैं। इस बीच उन्होंने 14 पारियों में 5 विकेट लिए हैं।

Advertisement

मध्य प्रदेश 

कुलदीप सेन ने मैच में लिए कुल 9 विकेट 

मध्य प्रदेश की ओर से तेज गेंदबाज कुलदीप सेन ने मैच में कुल 9 विकेट लिए। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की पहली पारी के दौरान 15 ओवर में 66 रन देते हुए 5 विकेट लिए। उन्होंने दूसरी पारी के दौरान 18 ओवर में 65 रन देते हुए 4 शिकार किए। उन्होंने अब तक 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 30.75 की औसत के साथ 78 विकेट लिए हैं। उन्होंने 3 पारियों में 5 विकेट हॉल लिए।

Advertisement

आंकड़े 

आकिब डार ने मौजूदा रणजी सीजन में किया कमाल 

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में आकिब ने 8 मैचों में 12.54 की औसत के साथ 46 विकेट लिए हैं। उन्होंने 5 पारियों में 5 विकेट हॉल लिए हैं। वह मौजूदा सीजन में फिलहाल दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उत्तराखंड के मयंक मिश्रा ने 7 मैचों की 14 पारियों में 15.42 की औसत के साथ 52 विकेट ले चुके हैं। गुजरात के सिद्धार्थ देसाई ने 45 सफलताएं हासिल की हैं।

प्रदर्शन 

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में जम्मू-कश्मीर का प्रदर्शन 

एलीट ग्रुप-D में मौजूद जम्मू-कश्मीर ने अपने 7 में से 3 मैच जीतते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। इस टीम को मुंबई के खिलाफ अपनी इकलौती हार मिली और इसके अलावा उनके 3 मैच ड्रॉ रहे थे। जम्मू-कश्मीर ने राजस्थान, दिल्ली और हैदराबाद के खिलाफ अपने 1-1 मैच जीते थे। अब सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर का सामना आंध्र प्रदेश और बंगाल की विजेता टीम से होगा।

Advertisement