LOADING...
रणजी ट्रॉफी 2025-26, फाइनल: कर्नाटक की पारी में गिरे 5 विकेट, ऐसा रहा तीसरा दिन
मयंक ने लगाया शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

रणजी ट्रॉफी 2025-26, फाइनल: कर्नाटक की पारी में गिरे 5 विकेट, ऐसा रहा तीसरा दिन

Feb 26, 2026
05:35 pm

क्या है खबर?

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल का तीसरा दिन भी जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के नाम रहा। मैच में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 584 रन बनाए, जिसमें शुभम पुंडीर का शतक (121) शामिल रहा। जवाब में तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक कर्नाटक क्रिकेट टीम ने 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए। मयंक अग्रवाल ने शतक (130*) लगाकर कर्नाटक का संघर्ष जारी रखा। आइए तीसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में बनाए 584 रन 

कल के स्कोर 527/6 से आगे खेलने उतरी जम्मू-कश्मीर को 539 के स्कोर पर 7वां झटका लगा। आबिद मुश्ताक 28 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इस विकेट के पतन के बाद निचले क्रम के बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा देर तक नहीं टिक सके और जम्मू-कश्मीर ने अपनी पारी में 173.1 ओवर बल्लेबाजी की। दूसरे दिन 57 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर नाबाद रहने वाले साहिल लोत्रा ने निचले क्रम में 72 रन बनाए।

कृष्णा 

प्रसिद्ध कृष्णा ने चटकाए 5 विकेट 

प्रसिद्ध कृष्णा ने जम्मू-कश्मीर टीम को 18 रन के कुल स्कोर पर कामरान इकबाल (6) के रूप में पहला झटका देते हुए पारी में अपने विकेटों का खाता खोला था। इसके बाद भी उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। उन्होंने पूरी पारी में यावेर हसन (88), अब्दुल समद (61), आबिद मुश्ताक (28) और आकिब नबी (2) को भी अपना शिकार बनाया। उन्होंने 34.1 ओवर में 7 मेडन के साथ 95 रन खर्च किए।

Advertisement

शतक 

मयंक अग्रवाल ने जड़ा शतक

कर्नाटक ने अपनी पहली पारी में निरंतर विकेट गंवाए और एक समय स्कोर 57/4 हो गया। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच मयंक अग्रवाल ने एक छोर संभाले रखा। इस सलामी बल्लेबाज ने तीसरे दिन के तीसरे सत्र के दौरान 153 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने श्रेयस गोपाल के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की। गोपाल 83 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुए।

Advertisement

गेंदबाजी 

ऐसी रही जम्मू-कश्मीर की गेंदबाजी 

जम्मू-कश्मीर की ओर से आकिब नबी डार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 14 ओवर में 32 रन देते हुए 3 विकेट लिए, जिसमें केएल राहुल और करुण नायर जैसे बड़े नाम शामिल रहे। युद्धवीर सिंह चरक को एक सफलता मिली। आबिद मुश्ताक और साहिल लोत्रा कोई विकेट नहीं ले सके। कर्नाटक की टीम फिलहाल 364 रन से पीछे है। अग्रवाल के साथ क्रीज पर कृतिक कृष्ण (27) मौजूद हैं।

Advertisement