रणजी ट्रॉफी 2025-26, फाइनल: जम्मू-कश्मीर के शुभम पुंडीर ने लगाया शतक, ऐसा रहा पहला दिन
क्या है खबर?
रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल मैच का पहला दिन जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के नाम रहा। हुबली में खेले जा रहे फाइनल में जम्मू-कश्मीर के शुभम पुंडीर ने कर्नाटक क्रिकेट टीम के खिलाफ शतक (117*) लगाया। उनकी अलावा यावर हसन ने 88 रन की पारी खेली। इन पारियों की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 284/2 का स्कोर बनाया। आइए पहले दिन हुए खेल पर एक नजर डालते हैं।
पुंडीर
पुंडीर ने अपने प्रथम श्रेणी करियर का चौथा शतक लगाया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने जब 18 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया, तब पुंडीर क्रीज पर आए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने यावर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। 27 वर्षीय बल्लेबाज ने पहले दिन के तीसरे सत्र के दौरान 186 गेंदों अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 221 गेंदों में 117 रन बनाकर नाबाद रहे।
आंकड़े
पुंडीर ने अपने प्रथम श्रेणी करियर का चौथा शतक लगाया
यह पुंडीर के प्रथम श्रेणी करियर का कुल चौथा शतक साबित हुआ। उन्होंने अब तक 32 मैचों की 51 पारियों में 1,400 से अधिक रन अपने नाम किए हैं। इस बीच उन्होंने 4 शतक के अलावा 3 अर्धशतक लगाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 172 रन रहा है। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में यह पुंडीर के बल्ले से निकलने वाली दूसरी शतकीय पारी रही। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 165 रन की पारी खेली थी।
गेंदबाजी
प्रसिद्ध कृष्णा ने चटकाए 2 विकेट
कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल गेंदबाज रहे। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 16 ओवर में 36 रन देते हुए 2 विकेट लिए। कृष्णा ने कमरैन इकबाल (6) और यावर के विकेट चटकाए। उन्होंने 5 ओवर मेडन भी किए। विद्याधर पाटिल ने 16 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने 66 रन देते हुए कोई विकेट नहीं लिया। कर्नाटक की टीम से श्रेयस गोपाल, श्रेयस शेट्टी और विजयकुमार कोई विकेट नहीं ले सके।
बल्लेबाजी
ऐसी रही जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी
जम्मू-कश्मीर के सलामी बल्लेबाज कमरैन इकबाल सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए। उनके जोड़ीदार यावर ने 150 गेंदों का सामना करते हुए 88 रन बनाए। इनके अलावा कप्तान पारस डोगरा 9 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। वह बल्लेबाजी के दौरान कृष्णा की बाउंसर पर घायल हुए थे। पहले दिन के खेल की समाप्ति तक क्रीज पर फिलहाल शतकवीर पुंडीर (117) और अब्दुल समद (52) बने हुए हैं।