रणजी ट्रॉफी 2025-26: बंगाल के सुदीप घरामी 299 की पारी खेलकर हुए आउट, बनाया ये रिकॉर्ड
क्या है खबर?
रणजी ट्रॉफी 2025-26 के तीसरे क्वार्टर-फाइनल मैच में बंगाल क्रिकेट टीम के बल्लेबाज सुदीप घरामी ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ 299 रन की पारी खेली। वह अपने प्रथम श्रेणी करियर के पहले तिहरे शतक से चूक गए। इसके साथ ही घरामी प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 299 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट होने वाले पहले भारतीय और विश्व के कुल तीसरे बल्लेबाज बने। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
सुदीप घरामी ने खेली मैराथन पारी
तीसरे क्वार्टर-फाइनल में आंध्र प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 295 रन बनाए थे। जवाब में बंगाल ने 9 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब घरामी क्रीज पर आए। दाएं हाथ के इस शीर्षक्रम के बल्लेबाज ने अपने प्रथम श्रेणी करियर का 7वां शतक लगाया, जिसे उन्होंने दोहरे शतक में तब्दील किया। टिककर बल्लेबाजी वाले घरामी 596 गेंदों में 299 रन (चौके- 31, छक्के- 6) बनाकर आउट हुए। उनकी मैराथन पारी का अंत शेख रशीद ने किया।
आंकड़े
ऐसा है घरामी का प्रथम श्रेणी करियर
घरामी ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में अब तक 38 मैच खेले हैं, जिसकी 63 पारियों में लगभग 40 की औसत के साथ 2,350 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 299 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 7 शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने मौजूदा रणजी सीजन में 12 पारियों में 54.25 की औसत के साथ 651 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक शामिल हैं।
जानकारी
बंगाल ने हासिल की बढ़त
तीसरे क्वार्टर-फाइनल में आंध्र प्रदेश क्रिकेट टीम के 295 रन के जवाब में जम्मू-कश्मीर ने 629 रन बनाए। इस मजबूत बढ़त के चलते बंगाल ने सेमीफाइनल की ओर कदम बड़ा लिया है।
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
A knock worthy of a 𝐒𝐓𝐀𝐍𝐃𝐈𝐍𝐆 𝐎𝐕𝐀𝐓𝐈𝐎𝐍 👏
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) February 9, 2026
Sudip Gharami walks back after a marathon inning of 299 (596) to keep Bengal ahead in the #RanjiTrophy quarter final!@IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/DK7hMTyqPI
सूची
इस विशेष सूची में शामिल हुए घरामी
घरामी से पहले मार्टिन क्रो (न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका, 1991) और माइक पॉवेल (ग्लैमरगन बनाम ग्लॉस्टरशायर, 2006) प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 299 के स्कोर पर आउट हुए थे। दिलचस्प रूप से 2 खिलाड़ी 299 के स्कोर पर नाबाद भी रह चुके हैं। डॉन ब्रैडमैन ने 1932 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एडिलेड टेस्ट की अपनी पहली पारी में नाबाद 299 रन बनाए थे। महाराष्ट्र के शांतनु सुगवेकर ने 1988-89 में मध्य प्रदेश के खिलाफ मैच में नाबाद 299 रन बनाए थे।