Page Loader
रणजी ट्रॉफी: शिवम दुबे ने लगाया प्रथम श्रेणी करियर का तीसरा शतक, जानिए उनके आंकड़े 
शिवम दुबे ने रणजी ट्रॉफी में शानदार पारी खेली है (तस्वीर: इंस्टाग्राम/ @shivam dube)

रणजी ट्रॉफी: शिवम दुबे ने लगाया प्रथम श्रेणी करियर का तीसरा शतक, जानिए उनके आंकड़े 

Jan 28, 2024
06:42 pm

क्या है खबर?

रणजी ट्रॉफी के चौथे दौर के तीसरे दिन शिवम दुबे ने कमाल की पारी खेली है। उन्होंने उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम के खिलाफ मुंबई के लिए खेलते हुए 117 रन बनाए। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में शिवम का तीसरा शतक है। उन्हें छोड़कर सिर्फ शम्स मुलानी ने मुंबई के लिए अर्धशतकीय पारी खेली। मुंबई का शीर्ष क्रम पूरी तरह से फ्लॉप रहा। ऐसे में आइए शिवम की पारी और उनके आंकड़ो पर नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही शिवम की पारी

शिवम ने 130 गेंद का सामना किया और 117 रन की पारी खेली। उनके बल्ले से 9 चौके और 7 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 90 की रही। एक समय मुंबई के 6 बल्लेबाज सिर्फ 86 रन पर पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद शिवम ने पारी को संभाला। उन्होंने आक्रमक बल्लेबाजी की और खराब गेंद पर बड़े-बड़े शॉट लगाए। उन्होंने अपना शतक सिर्फ 110 गेंद पर बना दिया था।

करियर

शिवम के प्रथम श्रेणी करियर पर एक नजर 

शिवम ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अब तक मुंबई क्रिकेट टीम के लिए 19 मुकाबले खेले हैं। इसकी 29 पारियों में 45 से ज्यादा की औसत से उन्होंने 1,100 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 शतक और 8 अर्धशतक निकले हैं। वह 4 बार नाबाद भी रहे हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 118 रन रहा है। उन्होंने 21.61 की औसत से 47 विकेट भी अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/53 का रहा है।

लिस्ट-A 

शिवम के लिस्ट-A करियर पर एक नजर 

शिवम ने लिस्ट-A क्रिकेट में अब तक 54 मैच खेले हैं। इसकी 39 पारियों में 37.50 की औसत और 109.42 की स्ट्राइक रेट से 891 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 118 रन रहा है। उन्होंने 54 मैच में 40 विकेट भी अपने नाम किए हैं। टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी के बल्ले से 122 मैच में 139.76 की स्ट्राइक रेट से 2,274 रन निकले हैं।

मैच

मैच में क्या हुआ?

उत्तर प्रदेश के खिलाफ इस मुकाबले में मुंबई ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 177 रन की बढ़त ले ली है। पहली पारी में मुंबई सिर्फ 198 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में नितीश राणा (106) के शतक की मदद से 324 रन बना लिए थे। मुंबई ने अपनी दूसरी पारी में 8 विकेट खोकर 303 रन बना लिए हैं। मोहित अवस्थी (34*) और सिल्वेस्टर डिसूजा (2*) अभी नाबाद हैं।