रणजी ट्रॉफी 2024: रियान पराग ने लगातार दूसरे मुकाबले में जड़ा शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
रणजी ट्रॉफी 2024 में असम क्रिकेट टीम के कप्तान रियान पराग कमाल के फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने केरल क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतक (116) जड़ा है।
एक समय असम के 3 विकेट सिर्फ 25 रन पर गिर गए थे। यहां से पराग ने पारी को संभाला और अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट का तीसरा शतक लगाया।
इसके पहले वाले मैच में उन्होंने छत्तीसगढ क्रिकेट टीम के खिलाफ ताबड़तोड़ पारी (155) खेली थी।
पारी
कैसी रही पराग की पारी?
केरल के खिलाफ पराग ने 104 गेंद का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 16 चौके और 2 छक्के लगाए और 135 गेंद का सामना किया।
लगातार गिर रहे विकेटों के बीच उन्होंने एक छोर संभाले रखा और शतक पूरा किया। उन्होंने पहली गेंद से ही आक्रमक क्रिकेट खेली।
असम के शुरुआती 4 बल्लेबाज मिलकर 50 रन भी नहीं बना पाए। पराग अकेले संघर्ष करते रहे। केरल ने अपनी पहली पारी में 419 का बड़ा स्कोर बनाया है।
नजर
पराग के प्रथम श्रेणी करियर पर एक नजर
पराग ने साल 2017 में रणजी ट्रॉफी का डेब्यू किया था। उन्होंने प्रथम श्रेणी करियर में अब तक 27 मैचों में लगभग 35 की औसत से 1,699 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक के अलावा 10 अर्धशतक लगाए हैं।
गेंदबाजी में उन्होंने 36.73 की औसत से 49 विकेट लिए। इस बीच वह 1 बार 5 विकेट हॉल भी ले चुके है।
उन्होंने लिस्ट-A करियर में 41.90 की औसत से 1,720 रन बनाए हैं।
शतक
पिछले मैच में बनाया था बड़ा रिकॉर्ड
पराग ने छत्तीसगढ के खिलाफ पिछले मैच में रणजी ट्रॉफी के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक लगाया था।
उनसे तेज शतक सिर्फ ऋषभ पंत के नाम पर दर्ज है, जिन्होंने 2016-17 सीजन में झारखंड के खिलाफ महज 48 गेंदों में शतक बनाया था।
पराग ने मध्य प्रदेश के नमन ओझा का रिकॉर्ड तोड़ा था। ओझा ने 2014-15 सीजन में कर्नाटक के खिलाफ 69 गेंदों में शतक बनाया था। पराग ने 56 गेंद में शतक पूरा किया था।
पारी
केरल की पहली पारी पर एक नजर
केरल ने अपनी पहली पारी में 113.4 ओवर में 419 रन बनाए। सचिन बेबी ने सबसे ज्यादा 131 रन की पारी खेली।
उन्होंने 148 गेंद का सामना किया और 131 रन बनाए। उनके बल्ले से 16 चौके और 5 छक्के निकले।
उनके अलावा रोहन प्रेम ने 116 गेंद का सामना करते हुए 50 रन बनाए। कृष्णा प्रसाद ने 202 गेंद का सामना किया और 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 80 रन की पारी खेली।