Page Loader
रणजी ट्रॉफी 2024-25: अंशुल कंबोज ने एक पारी में चटकाए 10 विकेट, हासिल की बड़ी उपलब्धि
अंशुल कंबोज ने केरल के खिलाफ एक पारी में झटके सभी 10 विकेट (तस्वीर: एक्स/@BCCIdomestic)

रणजी ट्रॉफी 2024-25: अंशुल कंबोज ने एक पारी में चटकाए 10 विकेट, हासिल की बड़ी उपलब्धि

Nov 15, 2024
02:01 pm

क्या है खबर?

हरियाणा क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने मौजूदा रणजी ट्रॉफी 2024-25 में केरल क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने रोहतक में खेले जा रहे मुकाबले के तीसरे दिन केरल की पहली पारी में सभी 10 विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही वह रणजी ट्रॉफी इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनके प्रदर्शन ने हरियाणा को मैच में मजबूती भी दी है।

गेंदबाजी

कैसी रही कंबोज की गेंदबाजी?

कंबाेज ने गुरुवार को दूसरे दिन केरल के 8 विकेट चटका लिए थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने बासिल थम्पी (4) और शॉन रोजर (42) को आउट कर अपने 10 विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने अपने कोटे के 30.1 ओवर में केवल 1.60 की इकॉनमी से 49 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की। इस दौरान उन्होंने 9 ओवर मेडन भी फेंके। उनकी इस गेंदबाजी की बदौलत ही केरल टीम पहली पारी में केवल 291 रन का ही स्कोर बना पाई।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें अंशुल कंबोज के सभी 10 विकेट

उपलब्धि

कंबोज के नाम दर्ज हुई यह खास उपलब्धि

इस प्रदर्शन के साथ कंबोज रणजी ट्रॉफी के इतिहास में एक पारी में 10 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए। उनके पहले बंगाल क्रिकेट टीम के प्रेमंगशु चटर्जी (10/20, बनाम असम, 1956) और राजस्थान क्रिकेट टीम के प्रदीप सुंदरम (10/78, बनाम विदर्भ, 1985) ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं। इस बीच, अनिल कुंबले, सुभाष गुप्ते और देबाशीष मोहंती प्रथम श्रेणी क्रिकेट (पारी) में 10 विकेट लेने वाले एकमात्र अन्य भारतीय गेंदबाज हैं।

करियर

कैसा रहा है कंबोज का प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर?

कंबोज ने फरवरी 2022 में त्रिपुरा क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 19 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 31 पारियों में 27 से अधिक की औसत और 3 से अधिक की इकॉनमी से 57 विकेट अपने नाम किए हैं। यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा है। इसी तरह वह बल्लेबाजी में 25 पारियों में 358 रन भी अपने नाम कर चुके हैं।