रणजी ट्रॉफी 2021-22: सेमीफाइनल में यशस्वी जायसवाल ने दोनों पारियों में लगाए शतक

रणजी ट्रॉफी 2021-22 के दूसरे सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में बड़ा शतक (181) लगाया है। उन्होंने पहली पारी में भी शतक लगाया था और वह अब मुंबई की ओर से दोनों पारियों में शतक लगाने वाले नौवें बल्लेबाज बन गए हैं। यशस्वी की बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई ने मैच में शिकंजा कस लिया है। उनकी बल्लेबाजी पर एक नजर डालते हैं।
20 वर्षीय यशस्वी ने पहली पारी में 15 चौकों की मदद से 100 रन बनाए थे। उन्होंने चौथे विकेट के लिए सरफराज खान के साथ मिलकर 83 रनों की साझेदारी की थी। वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 372 गेंदों का सामना करते हुए 181 रनों की शानदार पारी खेली। इस बीच उन्होंने 23 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने अरमान जाफर (127) के साथ मिलकर 286 रनों की साझेदारी की।
रणजी ट्रॉफी में मुंबई से एसएम कादरी, उदय मर्चेंट, दत्तू फाड़कर, विनोद कांबली, सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे और वसीम जाफर दोनों पारियों में शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। यशस्वी इस सूची में अब शामिल हो गए हैं।
यह यशस्वी का मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में लगातार तीसरा शतक है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड के खिलाफ 103 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनके पिछले तीन स्कोर 181, 100 और 103 हैं। रणजी ट्रॉफी 2021-22 में यशस्वी ने सिर्फ दो मैच खेले हैं, जिसमें 104.75 की औसत से 419 रन बना लिए हैं। वह फिलहाल सरफराज खान (763) के बाद मुंबई की ओर से दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
मुंबई ने पहली पारी में यशस्वी (100) और हार्दिक तमोर (115) के शतकों की मदद से 393 रन बनाए। जवाब में उत्तर प्रदेश की पहली पारी सिर्फ 180 पर ही सिमट गई। बड़ी बढ़त बनाने वाली मुंबई ने अपनी दूसरी पारी में चौथे दिन के खेल की समाप्ति तक 494/4 का स्कोर बना लिया है और अपनी कुल बढ़त को 662 रनों का कर दिया है। दूसरी पारी में यशस्वी के अलावा अरमान जाफर (127) ने भी शतक लगाया है।