Page Loader
राजीव शुक्ला बन सकते हैं BCCI के अंतरिम अध्यक्ष, जानिए इसके पीछे का कारण
राजीव शुक्ला बन सकते हैं BCCI के अंतरिम अध्यक्ष (तस्वीर: फाइल)

राजीव शुक्ला बन सकते हैं BCCI के अंतरिम अध्यक्ष, जानिए इसके पीछे का कारण

Jun 02, 2025
01:58 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला जुलाई में बोर्ड के अंतरिम अध्यक्ष बन सकते हैं। दरअसल, BCCI के मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी 19 जुलाई को 70 वर्ष के हो जाएंगे। नियमानुसार BCCI अध्यक्ष की उम्र 70 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। ऐसे में 65 वर्षीय शुक्ला 3 महीनों के लिए अंतरिम अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। उसके बाद शुक्ला सितंबर में होने वाली वार्षिक आम बैठक (AGM) में पूर्णकालिक अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं।

कारण

क्यों बनाया जा सकता है शुक्ला को अंतरिम अध्यक्ष?

समाचार एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि BCCI संविधान के अनुसार, कोई भी बोर्ड सदस्य 70 साल की उम्र के बाद पद पर नहीं रह सकता है। ऐसे में बिन्नी को अब यह पद छोड़ना होगा। शुक्ला साल 2020 से BCCI का उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे हैं। वह उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के सचिव और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके अनुभव के कारण उन्हें यह जिम्मेदारी मिल सकती है।

अध्यक्ष

अक्टूबर 2022 में BCCI अध्यक्ष बने थे बिन्नी

बता दें कि कर्नाटक क्रिकेट संघ (KCA) बिन्नी को अक्टूबर 2022 में BCCI के 36वें अध्यक्ष के रूप में चुना गया था। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली की जगह ली थी। गांगुली ने अपना 3 साल का कार्यकाल पूरा किया था। तब बिन्नी शीर्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। अब BCCI की परंपरा के अनुसार कार्यकाल के बीच में अध्यक्ष के उम्र अधिक होने पर सबसे वरिष्ठ पदाधिकारी को ही वह जिम्मेदारी सौंपी जाती है।