Page Loader
#KXIPvMI: डिकॉक के अर्धशतक पर भारी पड़े राहुल, पंजाब ने मुंबई को 8 विकेट से हराया

#KXIPvMI: डिकॉक के अर्धशतक पर भारी पड़े राहुल, पंजाब ने मुंबई को 8 विकेट से हराया

लेखन Neeraj Pandey
Mar 30, 2019
07:45 pm

क्या है खबर?

IPL के नौवे मैच में किंग्स इलेवन पंजाब ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हरा दिया है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने क्विंटन डिकॉक (60) की शानदार पारी और हार्दिक पंड्या (31) तथा रोहित शर्मा (32) की बदौलत 176 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब को क्रिस गेल (40) ने धुंआधार शुरुआत दिलाई और फिर केएल राहुल (71) ने पंजाब को आराम से जीत दिला दी।

क्विंटन डिकॉक

डिकॉक ने लगाया IPL में सातवां अर्धशतक

विकेटकीपर बल्लेबाज़ क्विंटन डिकॉक ने आतिशी बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और 39 गेंदों में 60 रनों की पारी खेली। डिकॉक ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए। इसी के साथ डिकॉक ने IPL में अपने 1,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। IPL में यह डिकॉक का सातवां अर्धशतक भी था। तीसरे विकेट के लिए डिकॉक ने युवराज सिंह (18) के साथ मिलकर 40 गेंदों में 58 रनों की साझेदारी भी की थी।

जानकारी

अंपायरों ने फिर की गलती, अश्विन ने फेंका सात गेंदों का ओवर

पारी का पहला ओवर लेकर खुद पंजाब के कप्तान आर. अश्विन आए थे। अंपायरों की गलती की वजह से उन्हें अपने ओवर में सात गेंदें फेंकनी पड़ी थीं। अश्विन की सातवीं गेंद पर डिकॉक ने चौका भी लगाया था।

क्रिस गेल

क्रिस गेल ने पूरे किए IPL में 300 छक्के

मुंबई के खिलाफ मुकाबले में गेल ने 24 गेंदों में 40 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान गेल ने चार छक्के और तीन चौके लगाए। इसी के साथ गेल IPL में 300 छ्क्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। गेल ने IPL में पहली 37 पारियों में 100 और 69 पारियों में 200 छक्के पूरे किए थे। हालांकि, 300 छक्के पूरे करने के लिए गेल को कुल 114 पारियां खेलनी पड़ीं।

केएल राहुल

राहुल और अग्रवाल ने खेली शानदार पारियां

गेल के आउट होने के बाद मैदान में आए मयंक अग्रवाल ने अपनी पारी की शुरुआत शानदार तरीके से की। मयंक ने मात्र 21 गेंदों में चार चौके और दो छ्क्कों की बदौलत 43 रनों की पारी खेली। ओपनिंग करने आए राहुल को भले ही शुरुआत में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में उन्होंने बेहतरीन क्रिकेटिंग शॉट लगाए। राहुल ने 57 गेंदों में 71 रनों की पारी खेली और छह चौके तथा एक छक्का लगाया।