Page Loader
राफेल नडाल ने खेला अपना आखिरी मैच, मुकाबले के बाद भावुक हुआ दिग्गज 
राफेल नडाल ने अपना आखिरी मैच खेल लिया है (तस्वीर: एक्स/@DavisCup)

राफेल नडाल ने खेला अपना आखिरी मैच, मुकाबले के बाद भावुक हुआ दिग्गज 

Nov 20, 2024
10:07 am

क्या है खबर?

दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने मंगलवार (19 नवंबर) को अपना आखिरी मुकाबला खेला। इस मुकाबले में उन्हें 80वीं रैंकिंग वाले बोटिक वान डी जैडस्चुल्प ने सीधे सेटों में 6-4,6-4 से हरा दिया। इसके बाद मैच देख रहे 10,000 दर्शकों और नडाल के परिवार ने उनका खड़े होकर अभिवादन किया। ये देख नडाल की आंखों में आंसू आ गए। डेविस कप के मुकाबले में जब राष्ट्रगान हुआ, तब भी नडाल भावुक हो गए थे। पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

ग्रैंड स्लैम

पिछले साल नडाल ने लिया था संन्यास 

इस महान टेनिस खिलाड़ी ने पिछले महीने संन्यास का ऐलान किया था। 38 साल के खिलाड़ी की गिनती दुनिया के महानतम टेनिस खिलाड़ियों में होती है। नडाल (22) से ज्यादा ग्रैंड स्लैम सिर्फ नोवाक जोकोविच (24) ही जीत पाए हैं। नडाल को 'लाल बजरी का बादशाह'भी कहा जाता है। नडाल ने अपने आखिरी मुकाबले के बाद सबका आभार दिया। उन्होंने मैच के बाद कहा, "विश्व में मुझे इतना स्नेह प्राप्त हुआ। मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली महसूस करता हूं।"

 बयान

नडाल ने मैच के बाद क्या कहा?

नडाल ने आगे कहा, "मैं पूरी स्पेनिश टीम को शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। आप सभी ने मुझे डेविस कप खेलने का मौका दिया। मेरे करियर के कई भावनात्मक पल यहां मौजूद लोगों के साथ रहे हैं, हमने साथ मिलकर कई शानदार चीजें हासिल की हैं। कोई भी खिलाड़ी नहीं चाहता कि संन्यास ले, लेकिन शरीर की वजह से खेलना मुश्किल होता है। मैंने अपने शौक को अपने करियर में बदला। ये मेरे कल्पना से बहुत ज्यादा है।"

ट्विटर पोस्ट

नडाल हुए भावुक

फ्रेंच ओपन

नडाल ने पहली बार जीता फ्रेंच ओपन 

नडाल पहली बार साल 2005 में सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में फ्रेंच ओपन जीत लिया था। नडाल साल 2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017, 2018, 2019, 2020 और 2022 में फ्रेंच ओपन को जीतने में सफल रहे हैं। उन्होंने करियर में 2 बार (2009, 2022) ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2008 और 2010 में विंबलडन तथा 2010, 2013, 2017 और 2019 में यूएस ओपन का खिताब अपने नाम किया था।

रिकॉर्ड

नडाल के नाम है ये बड़ा रिकॉर्ड

नडाल एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो फ्रेंच ओपन में 14 फाइनल में अपराजित रहे हैं। केवल 3 ही ऐसे खिलाड़ी हुए हैं, जो एक ही स्लैम में 6 से अधिक फाइनल में अजेय रहे हैं। नडाल फ्रेंच ओपन में केवल रॉबिन सोडरलिंग, जोकोविच (2 बार) और अलेक्जेंडर ज्वरेव से हारे हैं। स्पेनिश खिलाड़ी का रोलां गैरा में जीत-हार का अविश्वसनीय रिकॉर्ड 112-4 है, जिसमें जीत का प्रतिशत 97 रहा है।