LOADING...
साई किशोर ने ग्लॉस्टरशायर के साथ किया करार, आखिरी 6 काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले खेलेंगे
साई किशोर अब इंग्लैंड में खेलते नजर आएंगे (फाइल तस्वीर)

साई किशोर ने ग्लॉस्टरशायर के साथ किया करार, आखिरी 6 काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले खेलेंगे

Jul 08, 2026
10:43 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज साई किशोर ने 2026 काउंटी चैंपियनशिप सत्र के आखिरी 6 मुकाबलों के लिए ग्लॉस्टरशायर क्रिकेट क्लब के साथ करार किया है। 29 वर्षीय साई 20 अगस्त को चेल्टेनहम में वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ होने वाले मुकाबले से टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। इससे पहले 2025 में उन्होंने सरे क्रिकेट क्लब के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने सिर्फ 2 मुकाबलों में 11 विकेट चटकाकर अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया था।

बयान

साई ने करार के बाद कही ये बात 

ग्लॉस्टरशायर के साथ करार पूरा करने के बाद साई ने इंग्लैंड की परिस्थितियों में दोबारा खेलने को लेकर उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा, "मैं ग्लॉस्टरशायर से जुड़े सभी लोगों का यह मौका देने के लिए आभारी हूं। ग्लॉस्टरशायर एक समृद्ध इतिहास और शानदार व्यवस्था वाला क्लब है। यहां क्रिकेट खेलने का अवसर मिलना मेरे लिए बेहद रोमांचक है।" साई ने भारतीय टीम के लिए अब तक 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। अन्य प्रारूप में उन्होंने डेब्यू नहीं किया है।

जवाब

ग्लॉस्टरशायर मेरे लिए सही जगह है

साई ने आगे कहा, "मैं हमेशा से इंग्लैंड की परिस्थितियों में अपनी क्षमता को परखना चाहता था। टीम प्रबंधन से बातचीत के बाद मुझे लगा कि यह मेरे लिए सही जगह है। मैं जर्सी पहनने, ब्रिस्टल और चेल्टेनहम के प्रशंसकों से मिलने और टीम के लिए अपना योगदान देने को लेकर उत्साहित हूं।" साई भारत के घरेलू लाल-गेंद क्रिकेट के सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजों में से एक रहे हैं।

Advertisement

कोच

ग्लॉस्टरशायर के कोच ने कही ये बात 

ग्लॉस्टरशायर के मुख्य कोच जॉन लुईस ने साई के टीम से जुड़ने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि साई एक अनुभवी और साबित हो चुके खिलाड़ी हैं, जो टीम के लिए काफी अहम योगदान दे सकते हैं। लुईस ने बताया कि क्लब काउंटी चैंपियनशिप के आखिरी 6 मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस समय इंग्लैंड की परिस्थितियां स्पिन गेंदबाजी के लिए मददगार रहेंगी और साई टीम पर सकारात्मक प्रभाव डालेंगे।

Advertisement

करियर

घरेलू क्रिकेट में ऐसे हैं साई के आंकड़े 

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 54 मैच की 96 पारियों में 24.21 की औसत से 223 विकेट लिए हैं। उन्होंने 11 बार 4 विकेट हॉल और 14 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/70 का रहा है। लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 67 मैच की 66 पारियों में 23.42 की औसत से 105 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल और 2 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं।

Advertisement