Page Loader
IPL 2024: क्विंटन डिकॉक ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 9,500 रन, जानिए उनके आंकड़े
क्विंटन डिकॉक ने पूरे किए 9,500 टी-20 रन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: क्विंटन डिकॉक ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 9,500 रन, जानिए उनके आंकड़े

Apr 12, 2024
07:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 26वां मुकाबला शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जा रहा है। इसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी LSG की ओर से क्विंटन डिकॉक ने बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। 19 रन की पारी का छठा रन बनाते ही उनके टी-20 क्रिकेट में 9,500 रन पूरे हो गए। वह ऐसा करने वाले दुनिया के 19वें बल्लेबाज बने हैं। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

सर्वाधिक

क्रिस गेल के नाम है सर्वाधिक टी-20 रन

डिकॉक टी-20 क्रिकेट में 9,500 रन पूरे करने वाले दक्षिण अफ्रीका के तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले डेविड मिलर (10,143) और फाफ डु प्लेसिस (9,796) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। इस प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने इस प्रारूप में 14,562 रन अपने नाम किए हैं। सूची में शोएब मलिक (13,360) दूसरे, किरोन पोलार्ड (12,900) तीसरे, एलेक्स हेल्स (12,319) चौथे और विराट कोहली (12,310) 5वें पायदान पर हैं।

करियर

कैसा रहा है डिकॉक का टी-20 करियर?

डिकॉक ने साल 2011 में अपने टी-20 क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 332 मैचों की 322 पारियों में करीब 32 की औसत और 138 की स्ट्राइक रेट से 9,513 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 60 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 140 रन का रहा है। वह इस प्रारूप में 26 बार नाबाद भी रह चुके हैं। उन्होंने विकेट के पीछे 287 शिकार भी किए हैं।