Page Loader
IPL 2025: RR ने PBKS को हराकर दर्ज की दूसरी जीत, मैच में ये बने रिकॉर्ड्स
राजस्थान रॉयल्स को शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: RR ने PBKS को हराकर दर्ज की दूसरी जीत, मैच में ये बने रिकॉर्ड्स

Apr 05, 2025
11:21 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 18वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 50 रन से हराते हुए दूसरी जीत दर्ज की। यह मुकाबला महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में खेला गया। RR ने पहले खेलते हुए 205/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में PBKS की टीम 20 ओवर में 155/9 का स्कोर ही बना पाई। PBKS इस सीजन पहला मुकाबला हारी है। उसे 2 जीत मिली है। मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

PBKS ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका ये फैसला सही साबित नहीं हुआ। यशस्वी जायसवाल (67), संजू सैमसन (38) और रियान पराग (43) की पारियों के दम पर RR ने बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में PBKS के शुरुआत से ही विकेट गिरते रहे। नेहाल वढेरा (62) और ग्लेन मैक्सवेल (30) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला पाए। RR के लिए जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट लिए।

अर्धशतक

यशस्वी जायसवाल ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी

यशस्वी ने मैच में 45 गेंदों का सामना किया और 67 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 148.89 की रही। यह उनके IPL करियर का 10वां और PBKS के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 40 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत RR को पावरप्ले में दमदार शुरुआत मिली और वह बड़े स्कोर की बढ़ी। उन्होंने कुल 56 मैच खेल हैं और 1,708 रन बनाए हैं।

पारी

पराग ने खेली महत्वपूर्ण पारी 

RR के लिए पराग ने 25 गेंदों का सामना किया और 43 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 172 की रही। ये इस संस्करण में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। पराग ने जो भी गेंद सीमा रेखा के बाहर पहुंचाई, सब कमाल के शॉट्स थे। ये खिलाड़ी नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आया और आखिरी ओवर तक डटा रहा। यशस्वी के साथ इस खिलाड़ी ने 18 गेंदों में 34 रन जोड़े।

संघर्ष

नेहाल ने इस संस्करण का पहला अर्धशतक लगाया 

नेहाल ने PBKS के लिए अकेले संघर्ष किया। उन्होंने 41 गेंदों का सामना किया और 62 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 151.22 की रही। यह उनके IPL करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। अब तक इस खिलाड़ी ने कुल 22 IPL मैच खेले हैं। इसकी 18 पारियों में 30.33 की औसत और 144.44 की स्ट्राइक रेट से 455 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 64 रन रहा है।

रिकॉर्ड्स 

मैच में बने ये अन्य रिकॉर्ड्स

RR की इस जीत के साथ सैमसन के नाम एक बड़ी उपलब्धि आई। वह इस टीम के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। उन्होंने शेन वॉर्न का रिकॉर्ड तोड़ा है। वॉर्न ने 31 मुकाबले जीते थे। आर्चर ने 3 विकेट लिए और IPL में अपने 50 विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और 25 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा महेश तीक्षाना ने चौथी बार टी-20 क्रिकेट में ग्लेन मैक्सवेल को आउट किया।

अंक तालिका

अंक तालिका पर एक नजर 

RR इस जीत के साथ अंक तालिका में 7वें स्थान पर पहुंच गई है। उसके 2 जीत और 2 हार के साथ 4 अंक हैं। वहीं, इस हार के बाद PBKS की टीम 4 अंक के साथ चौथे स्थान पर खिसक गई है। दिल्ली कैपिटल्स (DC) 3 मैच में 3 जीत और 6 अंकों के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 2 जीत और 1 हार के साथ दूसरे स्थान पर है।