Page Loader
देवधर ट्रॉफी 2023: प्रियांक पांचाल और हार्विक देसाई की धमाकेदार पारी से जीता वेस्ट जोन
प्रियांक पांचाल ने शानदार पारी खेली (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@panchalpriyank)

देवधर ट्रॉफी 2023: प्रियांक पांचाल और हार्विक देसाई की धमाकेदार पारी से जीता वेस्ट जोन

Jul 24, 2023
03:44 pm

क्या है खबर?

देवधर ट्रॉफी 2023 का आगाज हो गया है। टूर्नामेंट का तीसरा मुकाबला नॉर्थ ईस्ट जोन और वेस्ट जोन के बीच खेला गया। इस मुकाबले में वेस्ट जोन के सलामी बल्लेबाज हार्विक देसाई और टीम के कप्तान प्रियांक पांचाल ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट जोन को शानदार जीत दिलाई। नॉर्थ ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 207 रन बनाए थे। आइए दोनों खिलाड़ियों की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

रन

99 रन पर नाबाद रहे पांचाल 

वेस्ट जोन के लिए पांचाल ने 69 गेंदों में 143.48 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 99 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 7 चौके और 7 छक्के लगाए। वह सिर्फ 1 रन से अपना शतक बनाने से चूक गए। उन्होंने हार्विक के साथ पहले ओवर से ही आक्रमक क्रिकेट खेली। यह उनके लिस्ट-A करियर का 20वां अर्धशतक है। उन्होंने 87 मुकाबलों में 40 से ज्यादा की औसत से 3,200 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 शतक लगाए हैं।

पारी

हार्विक ने दिया कप्तान का साथ 

पांचाल के अलावा हार्विक भी मैच में चमके और 207 रन के लक्ष्य को एकदम आसान बना दिया। उन्होंने सिर्फ 71 गेंद में 85 रन बनाए। इस दौरा उन्होंने छक्का तो एक भी नहीं लगाया, लेकिन उन्होंने 14 चौके जड़ दिए। इस दौरान उन्होंने 119.72 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। हार्विक घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते आए हैं। यह उनके लिस्ट-A करियर का पांचवां अर्धशतक है। उन्होंने 28 मुकाबलों में 3 शतक भी लगाए हैं।

जीत

9 विकेट से मिली वेस्ट जोन को जीत

मैच में वेस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अर्जन नगवासवल्ला ने वेस्ट जोन के लिए 3 विकेट झटके। उनके अलावा शम्स मुलानी और शिवम दुबे के खाते में 2-2 विकेट आए। नॉर्थ इस्ट जोन के लिए कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन को कोई परेशानी नहीं हुई। नॉर्थ इस्ट जोन का एक भी गेंदबाज अपनी छाप नहीं छोड़ पाया और वह 9 विकेट से हार गए।

करियर

दोनों के क्रिकेट करियर पर एक नजर

पांचाल ने 113 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 46.17 की औसत और 53.27 की स्ट्राइक रेट से 8,035 रन बना चुके हैं। पांचाल गुजरात क्रिकेट टीम के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने 55 टी-20 मुकाबलों में 1,496 रन भी बनाए हैं। हार्विक ने 37 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 35.14 की औसत से 2,249 रन बनाए हैं। वह सौराष्ट्र क्रिकेट टीम के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने 20 टी-20 मैच में 355 रन भी बनाए हैं।