प्रिंस यादव इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम में शामिल, जिम्बाब्वे दौरे के लिए बिश्नोई को मौका
क्या है खबर?
टी-20 सीरीज को गंवाने के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम 14 जुलाई से इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के लिए तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को टीम में जोड़ा गया है। इसके ठीक बाद भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में हिस्सा लेना है। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को जिम्बाब्वे दौरे पर होने वाली टी-20 टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ये आधिकारिक घोषणा की है।
बयान
हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती की जगह पर प्रिंस और बिश्नोई को मौका
BCCI ने बयान जारी करते हुए कहा, "ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच के दौरान राणा को अपनी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में अचानक तकलीफ महसूस हुई। उन्हें ग्रेड-1 हैमस्ट्रिंग चोट लगी है। चक्रवर्ती को भी इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच के दौरान अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग में अचानक तकलीफ महसूस हुई। उन्हें ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग चोट लगी है।" ये दोनों खिलाड़ी आगे की जांच और इलाज के लिए BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट करेंगे।
टीमें
ऐसी है भारत की वनडे और टी-20 टीमें
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव। जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह और रवि बिश्नोई।
प्रिंस
इंग्लैंड दौरे पर अच्छा नहीं रहा प्रिंस का प्रदर्शन
प्रिंस ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था। अब तक खेले गए 2 मैचों में उन्होंने 3 विकेट लिए। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए IPL में अच्छे प्रदर्शन (14 मैचों में 16 विकेट) के बाद उन्होंने आयरलैंड में अपना टी-20 डेब्यू भी किया। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों में दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने सिर्फ 2 विकेट लिए। वह इंग्लैंड दौरे पर बेहद महंगे साबित हुए।
इंग्लैंड
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में एक मैच में नहीं जीत सकी भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर एक भी टी-20 मैच नहीं जीत सकी। सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा। इसके बाद हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली टीम ने बचे हुए सभी टी-20 मैच जीते। इस सीरीज के साथ ही अय्यर के नाम अब अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह लगातार 6 मैच हारने वाले भारत के पहले कप्तान बन गए हैं। अय्यर की कप्तानी में आयरलैंड में भी टीम हारी थी।