LOADING...
दलीप ट्रॉफी का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे प्रसिद्ध कृष्णा, कप्तान शुभमन गिल ने दिया अपडेट
दलीप ट्रॉफी का पहला मैच नहीं खेलेंगे प्रसिद्ध कृष्णा (तस्वीर: एक्स/@ICC)

दलीप ट्रॉफी का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे प्रसिद्ध कृष्णा, कप्तान शुभमन गिल ने दिया अपडेट

Sep 04, 2024
07:15 pm

क्या है खबर?

दलीप ट्रॉफी 2024 की शुरुआत 5 सितंबर से हो जाएगी, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे। इस घरेलू प्रतियोगिता की शुरुआत से ठीक पहले इंडिया-A टीम के लिए बुरी खबर है। दरअसल, तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा पहले दौर के मुकाबले से बाहर हो गए हैं। वह अब तक मैच फिटनेस हासिल करने में नाकाम रहे हैं। टीम के कप्तान शुभमन गिल ने यह जानकारी दी है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

गिल

कप्तान गिल ने दिया अपडेट 

कृष्णा हाल ही में संपन्न हुई केएससीए महाराजा ट्रॉफी टी-20 में नहीं खेल पाए थे। ऐसी उम्मीद थी कि वह दलीप ट्रॉफी में वापसी करेंगे, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया है। कप्तान गिल ने अपडेट देते हुए कहा, "अभी प्लेइंग इलेवन तय नहीं हुई है, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं।" इसके साथ-साथ गिल ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पारी की शुरुआत करते हुए नजर आएंगे।

रिहैब 

रिहैब कर रहे हैं कृष्णा 

कृष्णा इस साल फरवरी में सर्जरी के बाद से ही रिकवरी की राह पर हैं। वह इस समय बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में रिहैब कर रहे हैं। इस चोट के कारण वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का पूरा सीजन भी नहीं खेल पाए थे। राजस्थान रॉयल्स (RR) ने IPL 2024 में कृष्णा की जगह पर दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर केशव महाराज को टीम में शामिल किया था।

जानकारी

कृष्णा ने खेले हैं 15 प्रथम श्रेणी मैच 

कृष्णा आखिरी बार जनवरी 2024 में प्रथम श्रेणी मैच में खेले थे। उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 15 मैच खेले, जिसमें 19.41 की औसत के साथ 58 विकेट लिए थे। वह घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक की ओर से खेलते हैं।

करियर 

ऐसा रहा है कृष्णा का अंतरराष्ट्रीय करियर 

कृष्णा ने 2021 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे प्रारूप में अपना पदार्पण किया था। उन्होंने 2023 में आयरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ क्रमशः टी-20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 2 टेस्ट, 17 वनडे और 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने सभी प्रारूपों को मिलाकर कुल 39 विकेट लिए हैं। वह लगातार चोटों से जूझते रहे हैं, जिसके चलते खुद को टीम में स्थापित नहीं कर पाए हैं।