इंग्लैंड-आयरलैंड में होने वाली टी-20 सीरीज से बाहर हुए मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा को मिला मौका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को जून-जुलाई 2026 में आयरलैंड और इंग्लैंड में टी-20 सीरीज में हिस्सा लेना है। इन दोनों सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पहले ही टीमों की घोषणा कर चुका है। अब इन दोनों टी-20 सीरीज से मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है और उनके स्थान पर प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
BCCI ने जारी किया बयान
BCCI ने सिराज को आराम देने का कारण बताया है। मंगलवार (9 जून) को BCCI ने अपना बयान जारी करते हुए कहा, "बोर्ड की मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट के बीच बातचीत के बाद, सिराज को उनके वर्कलोड मैनेजमेंट प्रोग्राम के तहत आराम करने की सलाह दी गई है। यह निर्णय एहतियातन लिया गया है ताकि लंबे अंतरराष्ट्रीय सीजन से पहले उन्हें ठीक होने का पूरा समय मिल सके।"
आंकड़े
IPL के पिछले 2 सीजन में अच्छा रहा कृष्णा का प्रदर्शन
कृष्णा ने IPL 2025 में पर्पल कैप जीती थी, जिसमें उन्होंने 19.52 के शानदार औसत से 25 विकेट लिए थे। उनका इकॉनमी रेट 8.27 था, जो काफी प्रभावशाली था। IPL 2026 में उनका प्रदर्शन 12 मैचों में 16 विकेट का रहा, जिसमें उनका औसत 25.43 और इकॉनमी रेट 10.43 था। कृष्णा ने अब तक 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 11 विकेट लिए हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच नवंबर 2023 में खेला था।
टीम
ऐसी है भारतीय टीम
भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को टी-20 सीरीज के मैच खेलने हैं। इसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध 1 जुलाई से 11 जुलाई के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज होगी। आयरलैंड और इंग्लैंड के लिए भारतीय टी-20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।
जानकारी
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलेगी भारतीय टीम
भारतीय टीम इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलेगी। उन्हें पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी मिली है। बोर्ड में अब तक कप्तानी करते आए सूर्यकुमार यादव को टी-20 टीम में नहीं चुना है।