Page Loader
पद्म पुरस्कार 2025: पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण, रविचंद्रन अश्विन समेत इन्हें मिला पद्म श्री
रविचंद्रन अश्विन को मिला पद्म श्री सम्मान (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

पद्म पुरस्कार 2025: पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण, रविचंद्रन अश्विन समेत इन्हें मिला पद्म श्री

Jan 25, 2025
10:12 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने शनिवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कार 2025 के विजेताओं की घोषणा कर दी है। इनमें उल्लेखनीय कार्य करने के लिए 7 हस्तियों को पद्म विभूषण, 19 को पद्म भूषण और 113 को पद्म श्री सम्मान दिया गया है। सूची में खेल जगत से भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन सहित 4 को पद्म श्री दिया गया है।

पद्म श्री

इन खिलाड़ियों को भी मिला पद्म श्री सम्मान

सूची में पेरिस पैरालंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन करने वाले तीरंदाज हरविंदर सिंह, भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान आईएम विजयन और जाने-माने पैरा एथलेटिक्स कोच सत्यपाल सिंह को भी पद्म श्री सम्मान दिया गया है। बता दें कि श्रीजेश ने पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम के कांस्य पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने हॉकी को अलविदा कह दिया था। वह टोक्यो ओलंपिक का भी हिस्सा थे, जहां भारत ने कांस्य पदक जीता था।

प्रदर्शन

अश्विन ने भारत के लिए किया है शानदार प्रदर्शन?

अश्विन को क्रिकेट में योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान दिया गया है। उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। अश्विन भारत के लिए टेस्ट मैचों में दूसरे सबसे ज्यादा (537) विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं। अनिल कुंबले 619 विकेट के साथ पहले स्थान पर हैं। विजयन 2000-2004 तक भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए 72 मैचों में 29 गोल दागे हैं। हरविंदर ने पेरिस पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीता था।