एक वनडे में 50+ रन, 4 कैच और कम से कम एक विकेट लेने वाले खिलाड़ी
क्या है खबर?
वनडे क्रिकेट में एक ही मैच में बल्ले और गेंद के साथ-साथ फील्डिंग में भी योगदान देना किसी खिलाड़ी के लिए खास उपलब्धि होती है। 50 या उससे ज्यादा रन बनाने के साथ 4 कैच पकड़ना और कम से कम एक विकेट लेना इस तरह के ऑलराउंड प्रदर्शन को दर्शाता है। ऐसे प्रदर्शन में खिलाड़ी तीनों विभागों में अपनी उपयोगिता साबित करता है। वनडे क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ 5 ही खिलाड़ी ये कारनामा कर पाए हैं।
#1
सचिन तेंदुलकर बनाम पाकिस्तान, साल-1998
पहली बार यह कारनामा भारत के पूर्व महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने किया था।
साल 1998 के सिल्वर जुबली इंडिपेंडेंस कप के दूसरे मैच में पाकिस्तान खिलाफ उन्होंने 44 गेंदों में 67 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 152.27 की थी।
बतौर फील्डर उन्होंने शाहिद अफरीदी, आमिर सोहेल, इंजमाम-उल-हक और अजहर महमूद के कैच पकड़े थे।
गेंदबाजी में सचिन ने 4 ओवर में 24 रन देकर एक विकेट हासिल किया था। भारत ने यह मुकाबला 18 रन से जीता था।
#2
यूनुस खान बनाम जिम्बाब्वे, साल-2002
साल 2002 में पाकिस्तान जिम्बाब्वे के दौरे पर गई थी। 5वें वनडे में यूनुस खान ने बेजोड़ प्रदर्शन किया था।
बल्लेबाज के तौर पर उन्होंने 75 गेंदों में 90 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 120 की रही।
इसके बाद उन्होंने 4 कैच भी लपके।
उन्होंने 2 ओवर गेंदबाजी भी की और 24 रन खर्च करते हुए एक विकेट अपने नाम किया। पाकिस्तान को उस मैच में 70 रन से जीत मिली थी।
#3
माइकल क्लार्क बनाम भारत, साल-2004
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार खिलाड़ी माइकल क्लार्क सूची में तीसरे स्थान पर हैं। साल 2004 में भारत के खिलाफ मेलर्बन वनडे में कंगारू टीम ने 288 रन बनाए थे।
क्लार्क ने 66 गेंदों में 63 रन बनाए्। उनके बल्ले से 6 चौके और एक छक्का निकला।
उन्होंने वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह, अजित अगरकर और अनिल कुंबले का कैच लिया।
गेंदबाजी में उन्होंने 4 ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिया। उनकी टीम को 18 रन से जीत मिली थी।
#4
मार्नस लाबुशेन बनाम इंग्लैंड, साल-2024
ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन ने साल 2024 इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की थी।
नॉटिंघम वनडे में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की थी और 315 रन बनाए थे। लाबुशेन ने इस दौरान 4 कैच लपके।
बतौर गेंदबाज उन्होंने 4.4 ओवर डाले और 34 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
बल्लेबाज के तौर पर उन्होंने 61 गेंदों में 77 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 2 छक्के निकले। ऑस्ट्रेलिया को 7 रन से जीत मिली।
#5
मार्को यानसन बनाम ऑस्ट्रेलिया, साल-2026
साल 2026 में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए पहले वनडे में मार्को यानसन ने बल्ले, गेंद और फील्डिंग में शानदार प्रदर्शन किया।
बल्लेबाजी में उन्होंने 59 गेंदों पर 75 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनकी स्ट्राइक रेट 127.12 की रही।
इसके बाद यानसन ने फील्डिंग में 4 कैच पकड़े।
गेंदबाजी में उन्होंने 7 ओवर में 64 रन देकर एक विकेट हासिल किया। दक्षिण अफ्रीका ने यह मुकाबला 67 रन से जीता।