LOADING...
टी-20 विश्व कप के फाइनल में अर्धशतक लगाने के साथ-साथ विकेट लेने वाले खिलाड़ी
फाइनल में अभिषेक ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टी-20 विश्व कप के फाइनल में अर्धशतक लगाने के साथ-साथ विकेट लेने वाले खिलाड़ी

Mar 10, 2026
02:22 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह टी-20 विश्व कप उतार-चढ़ाव भरा रहा। वह अपने शुरुआती 3 पारियों में शून्य पर आउट हुए और आखिर में फाइनल में उन्होंने अर्धशतक लगाया। खिताबी मैच में अर्धशतक लगाने के बाद अभिषेक ने गेंदबाजी में एक विकेट भी हासिल किया। इस बीच टी-20 विश्व कप इतिहास में उन खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने फाइनल में अर्धशतक लगाने के साथ-साथ गेंदबाजी में विकेट लिया है।

#1 

शाहिद अफरीदी (2009)

टी-20 विश्व कप 2009 के फाइनल में पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराते हुए अपना पहला खिताब जीता था। खिताबी मुकाबले में पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने गेंदबाजी में अपने 4 ओवर में 20 रन देते हुए 1 विकेट लिया था। इसके बाद जीत के लिए मिले 139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफरीदी ने 40 गेंदों में 2 चौकों और इतने ही छक्के की मदद से नाबाद 54 रन बनाए थे।

#2 

मार्लन सैमुअल्स (2012)

टी-20 विश्व कप 2012 के फाइनल में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 36 रन से हराया था। कोलंबो में हुए खिताबी मैच में कैरेबियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 137/6 का स्कोर बनाया था। वेस्टइंडीज की ओर से मार्लन सैमुअल्स ने 56 गेंदों में 78 रन की पारी खेली थी, जिसमें 3 चौके और 6 छक्के शामिल थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 101 रन पर सिमटी थी। गेंदबाजी में सैमुअल्स ने एक विकेट लिया था।

Advertisement

#3 

जो रूट (2016)

टी-20 विश्व कप 2016 के फाइनल में इंग्लैंड के जो रूट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 54 रन की पारी खेली थी। उनके इस अर्धशतक की मदद से इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में कैरेबियाई टीम ने सैमुअल्स के अर्धशतक (85) की मदद से 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया था। उस मैच में रूट ने गेंदबाजी में 9 रन देते हुए 2 विकेट लिए थे।

Advertisement

#4 

बेन स्टोक्स (2022)

इंग्लैंड ने टी-20 विश्व कप का खिताब दूसरी बार 2022 में जीता था। उस संस्करण के फाइनल में इंग्लिश टीम ने पाकिस्तान को 5 विकेट से शिकस्त दी थी। खिताबी मुकाबले में बेन स्टोक्स ने उम्दा ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। गेंदबाजी में स्टोक्स ने 1 विकेट लिया था और बल्लेबाजी में नाबाद 52 रन बनाए थे। मैच में पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 137/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में इंग्लैंड ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया था।

#5 

अभिषेक शर्मा (2026)

टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 3 छक्के निकले। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 255/5 का स्कोर बनाया। जवाब में कीवी टीम 159 रन पर ही सिमट गई और भारत ने 96 रन से मैच जीता था। गेंदबाजी में अभिषेक ने एक विकेट भी अपने नाम किया था।

Advertisement