IPL इतिहास में सबसे ज्यादा बार एक सीजन में 400+ रन बनाने वाले खिलाड़ी
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में खूब रन बन रहे हैं, जिसके चलते कई बड़े रिकॉर्ड्स ध्वस्त हुए हैं।
इस बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली मौजूदा सीजन में भी 400 रन का आंकड़ा पार कर चुके हैं।
रनों का अम्बार लगा चुके कोहली सर्वाधिक सीजन में 400+ रन बनाने वाले खिलाड़ी बने हैं।
इस बीच उन बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जो सर्वाधिक सीजन में ये आंकड़ा पार कर चुके हैं।
#1
विराट कोहली
कोहली ने अपने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 43 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। इस बीच उन्होंने IPL 2024 में 400 रन का आंकड़ा पार किया है।
विशेष रूप से यह 10वां ऐसा सीजन बन गया जहां कोहली ने 400 से अधिक रन बनाए हैं।
लीग इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले कोहली ने इससे पहले 2011, 2013, 2015, 2016, 2018, 2019, 2020, 2021 और 2023 में भी ऐसा किया है।
#2
सुरेश रैना
कभी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे सुरेश रैना ने 9 अलग-अलग IPL सीजन में 400+ रन बनाए थे।
मिस्टर IPL के नाम से मशहूर रैना आज भी CSK के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
उन्होंने अपने IPL करियर में 205 मैचों में 32.51 की औसत के साथ 5,528 रन बनाए।
उन्होंने 2008, 2009, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017 और 2018 में 400 से अधिक रन बनाए थे।
#3
शिखर धवन
शिखर धवन IPL इतिहास में निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शुमार रहे हैं। वह अपने IPL करियर में 6,700 से अधिक रन बना चुके हैं, जिसमें 2 शतक भी शामिल हैं।
वह कोहली के बाद दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
IPL 2024 में पंजाब किंग्स (PBKS) की कप्तानी करने वाले धवन ने 9 अलग-अलग सीजन (2011, 2012, 2016, 2017, 2018, 2019, 2020, 2021 और 2022) में 400 या उससे अधिक रन बनाए हैं।
#4
डेविड वार्नर
धवन की तरह ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर भी IPL के सफलतम बल्लेबाजों में से एक हैं। वह IPL में धवन और कोहली के बाद तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
विदेशी खिलाड़ियों में वार्नर के नाम सबसे अधिक IPL सीजन में 400+ रन बनाने का रिकॉर्ड है।
बाएं हाथ के इस धाकड़ बल्लेबाज ने 9 बार (2013, 2014, 2015, 2016, 2017, 2019, 2020, 2022 और 2023) यह उपलब्धि हासिल की है।
#5
रोहित शर्मा
मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं।
अपनी कप्तानी में MI को 5 खिताब दिलाने वाले रोहित IPL में 6,000 से अधिक रन बनाने वाले 4 खिलाड़ियों में शामिल हैं।
रोहित ने 7 अलग-अलग सीजन (2008, 2010, 2012, 2013, 2015, 2016 और 2019) में 400 या अधिक रन बनाए।
वह लीग में MI से पहले डेक्कन चार्जर्स का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।