LOADING...
चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

Jan 24, 2025
12:08 pm

क्या है खबर?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज 19 फरवरी से होने जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहला मुकाबला 21 फरवरी को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलेगी। इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा होंगे। उनकी टीम टूर्नामेंट के ग्रुप-B में है। जहां उनके अलावा इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान की टीमें है। इस बीच आइए चैंपियंस ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन के बारे में जानते हैं।

जानकारी

चैंपियंस ट्रॉफी में ऐसा रहा है दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन 

चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका ने पहला मुकाबला 1998 में खेला था। उसने अब तक 24 मैच खेले हैं। 12 में उसे जीत और 11 में हार मिली है। 1 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ है। टीम का जीत प्रतिशत 50 का रहा है।

आंकड़े

चैंपियंस ट्रॉफी में ऐसे रहे हैं दक्षिण अफ्रीका के आंकड़े 

दक्षिण अफ्रीका का सबसे बड़ा स्कोर 316/5 रन रहा है। उसने ये रन 2002 में केन्या के खिलाफ बनाए थे। टीम ने इस टूर्नामेंट में 3 बार 300 का आंकड़ा पार किया है। उनका सबसे कम स्कोर 108/10 है, जो न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2006 में आया था। उनकी सबसे बड़ी जीत 176 रन की है, जो केन्या के विरुद्ध 2002 में आई थी। इसके अलावा 2006 में उसने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 124 रनों से हराया था।

Advertisement

जीत

चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण दक्षिण अफ्रीका ने किया था अपने नाम 

चैंपियंस ट्रॉफी के 8 संस्करण हुए हैं, दक्षिण अफ्रीका ने इस टूर्नामेंट का पहला संस्करण साल 1998 में अपने नाम किया था। उनके अलावा पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज ने भी 1-1 बार ट्रॉफी जीती है। ऑस्ट्रेलिया ने 2 बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। उनके अलावा भारत भी 2 बार चैंपियन बना है, लेकिन इसमें से एक बार उसे पूर्ण चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त नहीं हुआ। साल 2002 में श्रीलंका-भारत ने खिताब साझा किया था।

Advertisement

रन

इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 

चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक रन जैक्स कैलिस ने बनाए हैं। उन्होंने 17 पारियों में 46.64 की औसत से 653 रन बनाए थे। ग्रीम स्मिथ ने 12 मैचों की 12 पारियों में 42.72 की औसत से 470 रन बनाए थे। हर्शल गिब्स के बल्ले से 10 मैच की 10 पारियों में 51.11 की औसत के साथ 460 रन निकले थे। गिब्स ने दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 3 शतक भी जड़े हैं।

विकेट

इन गेंदबाजों ने झटके हैं सबसे ज्यादा विकेट 

चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा विकेट भी कैलिस ने ही लिए हैं। उन्होंने 17 मैचों में 26.25 की औसत के साथ 20 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/30 का रहा था। मखाया एंटिनी ने 8 मैचों में 15.50 की औसत और 4.35 की इकॉनमी रेट के साथ 16 विकेट अपने नाम किए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/21 का रहा था। शॉन पोलक ने भी 20.06 की औसत के साथ 16 विकेट चटकाए थे।

Advertisement