'सैंडपेपर गेट' विवाद पर पैट कमिंस ने ख्वाजा के दावों को किया खारिज, बताया सरासर बकवास
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने हाल ही में दावा किया था कि 2018 में हुए 'सैंडपेपर गेट' विवाद में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम शामिल थी। अब मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है और इसे पूरी तरह से बकवास बताया है। सिडनी के 'क्रिकेट सेंट्रल' में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस ने ख्वाजा की किताब में लगाए गए आरोपों का विस्तार से जवाब दिया।
बवाल
ख्वाजा के इस इंटरव्यू से मचा था बवाल
ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' को प्रकाशित किया है और उन्होंने सैंडपेपर से जुड़े अपने सनसनीखेज दावों का इसमें प्रमुखता से जिक्र किया है।
इस किताब से पहले उन्होंने इंटरव्यू में कहा कि केपटाउन में गेंद पर सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पूरी टीम को पता था।
ख्वाजा ने नाइन पेपर्स को दिए इंटरव्यू में कहा, "इसमें हम सभी शामिल थे। न सिर्फ बल्लेबाज, न सिर्फ गेंदबाज, और न ही सिर्फ स्टाफ।"
बयान
कमिंस ने ख्वाजा के सभी दावों का किया खंडन
लगभग एक घंटे चले सवाल-जवाब सत्र में कमिंस ने ख्वाजा के सभी दावों का कड़ा खंडन किया।
कमिंस ने कहा, "जब वह (ख्वाजा) कहते हैं कि हम सबको पता था, तो उनका मतलब यह है कि हमें पता था कि मैदान पर सैंडपेपर ले जाया जा रहा है, तो वह शत-प्रतिशत गलत हैं। मैंने पिछले 8 सालों से लगातार यही कहा है कि मुझे इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि ऐसा कुछ हो रहा है।"
बयान
मेरे ऊपर लगाए आरोप पूरी तरह से बकवास- कमिंस
कमिंस ने आगे कहा, "उस्मान का कहना है कि मैं और कुछ अन्य लोग सैंडपेपर से बॉल-टैम्परिंग करने की एक साजिश के मुख्य सूत्रधार थे। यह पूरी तरह से बकवास है। इस हफ्ते जब मुझे पता चला कि उस्मान ने यह स्वीकार किया है कि उन्होंने (कमिंस ने) कैमरून बैनक्रॉफ्ट से सैंडपेपर का इस्तेमाल करते समय सावधान रहने को कहा था, तो मुझे सचमुच बहुत बड़ा झटका लगा था।"
बयान
ख्वाजा के आरोपों से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि हुई है खराब- कमिंस
कमिंस ने कहा कि उस्मान के आरोपों से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि खराब हुई है। उन्होंने आगे कहा, "अपनी किताब में उस्मान ने मेरी जिंदगी कई अन्य लोगों की जिंदगी और मेरे हिसाब से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के प्रति भी लापरवाही बरती है। मैं अपनी कहानी बताने के उनके अधिकार का 100 प्रतिशत समर्थन करता हूं। मुझे खुशी है कि उन्हें ऐसा करने की आजादी महसूस हुई, लेकिन हम जो कहते और करते हैं, उसके लिए हमें जवाबदेह होना चाहिए।"
विवाद
क्या था 'सैंडपेपर गेट' प्रकरण?
'सैंडपेपर गेट' घटना मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच में हुई थी।
मैच के तीसरे दिन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद को रगड़ते हुए कैमरों में कैद किया गया था। उन्होंने गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग का लाभ दिलाने के लिए ऐसा किया था।
बाद में स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट ने गेंद से छेड़छाड़ की बात स्वीकार की, जिसमें वार्नर की मुख्य भूमिका सामने आई थी। इस पर CA ने प्रतिबंध की कार्रवाई की थी।