LOADING...
पेरिस पैरालंपिक 2024: इस बार कुल 84 भारतीय एथलीट्स लेंगे हिस्सा, जानिए सभी अहम बातें
28 अगस्त को होगा उद्घाटन समारोह (तस्वीर: एक्स/@DeepaAthlete)

पेरिस पैरालंपिक 2024: इस बार कुल 84 भारतीय एथलीट्स लेंगे हिस्सा, जानिए सभी अहम बातें

Aug 28, 2024
12:28 pm

क्या है खबर?

पेरिस अपने पहले पैरालिंपिक खेलों की मेजबानी करने के लिए तैयार है, जिसकी शुरुआत 28 अगस्त को एक भव्य उद्घाटन समारोह से होगी। इस बार पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत के 80 से अधिक खिलाड़ियों का दल इन खेलों में हिस्सा लेगा। इस बार विश्व के तमाम खिलाड़ी 22 खेलों के कुल 549 स्पर्धाओं में पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा करते हुए नजर आएंगे। आइए पेरिस पैरालंपिक से जुड़ी सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

ध्वजवाहक

कौन होंगे भारत के ध्वजवाहक?

बुधवार (28 अगस्त) को भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे पेरिस पैरालंपिक का उद्घाटन समारोह शुरू होगा। दिलचस्प रूप से इस बार उद्घाटन समारोह स्टेडियम में नहीं होगा। यह समारोह प्लेस डे ला कॉनकॉर्ड और चैंप्स-एलिसीस जैसे प्रतिष्ठित स्थानों पर होगा। इस बार भारत के भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और गोला फेंक खिलाड़ी भाग्यश्री जाधव ध्वजवाहक होंगे। जियो सिनेमा ऐप के जरिए भारत में इस उद्घाटन समारोह को लाइव देखा जा सकता है।

इतिहास 

पिछले बार भारत ने जीते थे कुल 19 पदक

इस बार पेरिस पैरालंपिक खेल 28 अगस्त से 8 सितंबर तक चलेंगे। भारत से इस बार 84 खिलाड़ियों का दल 12 खेलों में हिस्सा लेने के लिए तैयार है। पिछले टोक्यो पैरालंपिक में भारत ने 5 स्वर्ण समेत कुल 19 पदक जीते थे। पिछले खेलों में भारत ने पदक तालिका में 24वां स्थान हासिल किया था। इस बार भारतीय खिलाड़ियों का दल और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेगा।

Advertisement

अभियान

29 अगस्त से शुरू होगा भारत का अभियान 

पेरिस पैरालंपिक में भारत के अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को पैरा बैडमिंटन से होगी, जहां कृष्णा नागर पुरुषों के एकल मुकाबले में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतना चाहेंगे। टोक्यो 2020 में 2 स्वर्ण पदक जीतने वाली अवनि लेखारा और मनीष नरवाल भी पैरा निशानेबाजी में अपनी-अपनी चुनौती पेश करेंगे। 29 अगस्त से ही पैरा तीरंदाजी, पैरा साइकिलिंग, पैरा ताइक्वांडो, पैरा तैराकी और पैरा टेबल टेनिस स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ी भाग लेंगे।

Advertisement

एथलेटिक्स

भारत से 38 खिलाड़ी एथलेटिक्स में लेंगे हिस्सा

पेरिस पैरालंपिक में भारत के सबसे ज्यादा 38 खिलाड़ी एथलेटिक्स में अपनी दावेदारी पेश करेंगे। पैरा एथलेटिक्स 30 अगस्त से शुरू होंगे, जिसमें भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल पर सबकी नजरें रहेंगी। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में 68.55 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। वह इस बार अपनी स्वर्णिम सफलता को दोहराने का प्रयास करेंगे। अंतिल ने हाल ही में कहा था कि उनका लक्ष्य 80 मीटर का होगा।

Advertisement