Page Loader
पेरिस ओलंपिक 2024: भारत के हाथ से फिसला पदक, तीरंदाजी में अंकिता-धीरज को मिली हार
धीरज और अंकिता की जोड़ी को कांस्य पदक के मुकाबले में मिली हार (तस्वीर: एक्स/@sportwalkmedia)

पेरिस ओलंपिक 2024: भारत के हाथ से फिसला पदक, तीरंदाजी में अंकिता-धीरज को मिली हार

Aug 02, 2024
08:28 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक 2024 के 7वें दिन भारत के लिए तीरंदाजी में निराशाजनक खबर आई है। अंकिता भकत और धीरज बोम्मादेवरा की भारतीय जोड़ी तीरंदाजी की मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक के बेहद करीब पहुंचकर हार गई। उन्हें अमेरिकी जोड़ी ने 6-2 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस हार के साथ ही भारत का तीरंदाजी में पहला पदक जीतने का सपना भी टूट गया। हालांकि, इस हार के बाद भी भारत के नाम खास उपलब्धि दर्ज हुई है।

प्रदर्शन 

कैसा रहा अंकिता-धीरज की जोड़ी का प्रदर्शन?

कांस्य पदक के लिए मुकाबले में अमेरिकी तीरंदाजों ने शुरुआती 2 सेट जीतकर 4-0 की बढ़त बना ली, लेकिन तीसरे सेट में अंकिता और धीरज ने वापसी करते हुए स्कोर को 4-2 कर दिया। तीसरे सेट में अमेरिकी तीरंदाजों ने वापसी करते हुए उसे अपने नाम किया और मुकाबला भी 6-2 से जीत लिया। भारत के लिए धीरज ने क्रमश: 10, 10, 10, 9, 9, 10, 9, 10 के स्कोर किए, जबकि अंकिता का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुसार नहीं रहा।

उपलब्धि

पहली बार तीरंदाजी के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत

इस हार के बाद भी भारत के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई है। दरअसल, भारत ओलंपिक में तीरंदाजी स्पर्धा में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। इससे पहले साल 2020 के टोक्यो ओलंपिक में काेई भी भारतीय तीरंदाज सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल नहीं रहा था। ऐसे में इस बार अंकिता और धीरज की जोड़ी ने लगातार मुकाबले जीतकर भारत की पदक की उम्मीदों को जिंदा किया था, लेकिन आखिरी दो मुकाबलों में वह कमजोर पड़ गए।

निराशा

भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल में मिली करीबी हार

इससे पहले भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल मुकाबले में कोरिया से 3-5 से करीबी हार का सामना करना पड़ा था। पहले सेट में भारतीय जोड़ी ने 38-36 से जीत हासिल की थी, लेकिन उसके बाद कोरियाई जोड़ी ने दमदार वापसी की मुकाबले में 5-3 से अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारतीय जोड़ी ने प्री क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशियाई जोड़ी को 5-1 और क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन को जोड़ी को 5-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।