Page Loader
पेरिस ओलंपिक 2024: मनु भाकर 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के भी फाइनल में पहुंचीं
मनु भाकर ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में भी बनाई जगह (तस्वीर: एक्स/@sportwalkmedia)

पेरिस ओलंपिक 2024: मनु भाकर 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के भी फाइनल में पहुंचीं

Aug 02, 2024
05:05 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक 2024 में अब तक 2 कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने शुक्रवार को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। इसके साथ ही वह एक और इतिहास रचने के करीब पहुंच गई है। फाइनल मुकाबला शनिवार दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा। यदि वह इस स्पर्धा में भी पदक हासिल करती है तो वह एक ओलंपिक में 3 पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनेंगी।

प्रदर्शन

कैसा रहा मनु का प्रदर्शन?

मनु ने इस स्पर्धा के प्रिसिजन राउंड (क्वालिफिकेशन) में 10-10 शॉट की 3 सीरीज में क्रमश: 97, 98 और 99 के स्कोर के साथ कुल 294 का स्कोर बनाया। इस दौरान उन्होंने तीसरे स्थान के साथ रैपिड राउंड के लिए क्वालिफाई किया। इसके बाद हुए रैपिड राउंड में भी उन्होंने अपनी फॉर्म और एकाग्रता को बरकरार रखा और 3 सीरीज में कुल 304 का स्कोर किया। उन्होंने इस राउंड में दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वॉलीफाई किया।

जानकारी

ईशा ने किया निराश

इस स्पर्धा में भारत से ईशा सिंह ने भी हिस्सा लिया था। वह प्रिसिजन राउंड में 291 अंकों के साथ 10वें स्थान पर रही थीं, लेकिन रैपिड राउंड में वह 290 के स्कोर के साथ 15वें स्थान पर रहते हुए क्वालीफाई नहीं कर पाईं।

पदक

2 कांस्य पदक जीत चुकी है मनु

बता दें की मनु इस ओलंपिक में अब तक 2 कांस्य पदक अपने नाम कर चुकी हैं। इसमें एक पदक महिला एकल की 10 मीटर एयर पिस्टल और दूसरा 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित निशानेबाजी स्पर्धा में जीता था। मिश्रित स्पर्धा में उन्होंने सरबजोत के साथ यह कारनामा किया था। अब यदि भाकर 25 मीटर स्पर्धा का में पदक जीतने में कामयाब रहती है तो वह 3 ओलंपिक पदक जीतने वाली इकलौती भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगी।

रिकॉर्ड

मनु अपने नाम कर चुकी है यह रिकॉर्ड

इस ओलंपिक में दो पदक जीत चुकी मनु अपने नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करा चुकी हैं। वह स्वतंत्रत भारत में एक ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी हैं। हालांकि, 1900 में पेरिस में हुए ओलंपिक में नॉर्मन प्रिचर्ड ने 200 मीटर फर्राटा और 200 मीटर बाधा दौड़ में 2 रजत पदक पदक अपने नाम किए थे, लेकिन वह मूलत: ब्रिटिश थे और उस समय भारत आजाद नहीं हुआ था। ऐसे में मनु ने इतिहास रच चुकी हैं।

उपलब्धि

ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज 

मनु ने 28 जुलाई को भारत के लिए पहला पदक जीता था। 22 वर्षीय महिला निशानेबाज 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में तीसरे स्थान पर रही थीं और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया था। उस दौरान मनु ने 221.7 के स्कोर के साथ ओलंपिक खेलों में निशानेबाजी में भारत का 5वां और कुल मिलाकर 36वां पदक दिलाया था। इसके साथ मनु ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज भी बनी थीं।