Page Loader
पेरिस ओलंपिक 2024: भारतीय खिलाड़ी 1 अगस्त को इन खेलों में लेंगे हिस्सा, समय भी जानिए 
भारतीय हॉकी टीम 1 अगस्त को खेलते हुए नजर आएगी (तस्वीर: एक्स/@TheHockeyIndia)

पेरिस ओलंपिक 2024: भारतीय खिलाड़ी 1 अगस्त को इन खेलों में लेंगे हिस्सा, समय भी जानिए 

Jul 31, 2024
05:44 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत ने अब तक 2 पदक जीते हैं। बुधवार को लक्ष्य सेन और पीवी सिंधु ने बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन करते हुए राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह बनाई। वहीं, श्रीजा अकुला टेबल टेनिस के राउंड ऑफ 16 में पहुंचने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनी। अब 1 अगस्त को गोल्फ, निशानेबाजी, हॉकी, मुक्केबाजी और तीरंदाजी में भारत के खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे। आइए 1 अगस्त के कार्यक्रम के बारे में जानते हैं।

गोल्फ

गोल्फ में ये खिलाड़ी उतरेंगे 

गोल्फ के पहले राउंड में भारत के गगनजीत भुल्लर और शुभांकर शर्मा दोपहर 12:30 बजे खेलते हुए नजर आएंगे। शुभांकर और गगनजीत पहली बार ओलंपिक में खेलते हुए नजर आएंगे। शुभांकर एशिया के नंबर-1 खिलाड़ी भी रहे हैं। इन दोनों के अलावा अदिति अशोक और दीक्षा डागर भी भारत की टीम का हिस्सा हैं। कुल 120 गोल्फ खिलाड़ी 60 पुरुष और 60 महिलाएं पेरिस ओलंपिक 2024 में खेलते हुए नजर आने वाले हैं।

मेडल

निशानेबाजी में होगा मेडल के लिए मुकाबला 

1 अगस्त को निशानेबाजी में भारत के लिए बड़ा मुकाबला होगा। स्पप्निल कुशाले पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन का फाइनल खेलते हुए नजर आएंगे। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 590 का स्कोर बनाया था। अब यह खिलाड़ी दोपहर 1:00 बजे पदक के लिए निशाना लगाएगा। बता दें कि, इस स्पर्धा में 3 पोजिशन में निशाना लगाना होता है। इनमें झुककर/बैठकर, लेट कर और खड़े होकर निशाना लगाया जाता है।

हॉकी

हॉकी में भारत खेलेगा बड़ा मुकाबला 

भारतीय हॉकी टीम पेरिस ओलंपिक में अब तक कमाल का प्रदर्शन करते आई है। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने अपने 3 में से 2 मैच जीते हुए हैं और 1 मैच ड्रॉ (अंक- 7) खेला है। अब टीम बेल्जियम जैसी मजबूत टीम के खिलाफ दोपहर 1:30 बजे खेलने उतरेगी। यह पूल-B का मुकाबला होगा। भारत के कप्तान हरमनप्रीत कमाल के फॉर्म में हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा 4 गोल दागे हैं।

अन्य

इन खेलों में भी उतरेगी भारतीय टीम 

मुक्केबाजी के राउंड ऑफ 16 में निखत जरीन चीन के वू यू के खिलाफ दोपहर 2:30 बजे खेलते हुए नजर आएंगी। वह अपना पहला मुकाबला जर्मनी की मैक्सी करीना के खिलाफ जीत चुकी हैं। तिरंदाजी में प्रवीण जाधव दोपहर 2:31 बजे एकल मुकाबला खेलेंगे। इसके बाद निशानेबाजी में सिफ्त कौर और अंजुम मोदगिल दोपहर 3:30 बजे 50 मिटर राइफल स्पर्धा के महिला क्वालिफिकेशन में खेलने उतरेंगी। सेलिंग (नौका) के मुकाबले में नेत्रा कुमानन पहला रेस रात 7:05 बजे खेला जाएगा।