Page Loader
पेरिस ओलंपिक 2024: इस एथलीट ने 7 महीने की गर्भवती होकर लिया ओलंपिक में हिस्सा 
नादा हाफिज 7 महीने की गर्भवती होकर मैदान पर उतरीं (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@nada_hafez)

पेरिस ओलंपिक 2024: इस एथलीट ने 7 महीने की गर्भवती होकर लिया ओलंपिक में हिस्सा 

Jul 31, 2024
04:41 pm

क्या है खबर?

मिस्र की तलवारबाज नादा हाफिज ने एक आश्चर्यजनक खुलासा करते हुए बताया कि वह 7 महीने की गर्भवती होने के बावजूद पेरिस ओलंपिक 2024 में भाग लिया था। इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने महिलाओं की सेबर स्पर्धा में राउंड ऑफ-16 में पहुंचने के बाद इंस्टाग्राम पर यह खबर साझा की। 3 बार की ओलंपियन हाफिज ने दक्षिण कोरिया की जियोन हायोंग से हारने से पहले USA की एलिजाबेथ टार्टाकोवस्की को हराया था। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

बयान

हाफिज ने क्या कहा?

टार्टाकोवस्की के खिलाफ मिली हाफिज को जीत उनकी ओलंपिक इवेंट में पहली जीत है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'आपको पोडियम पर 2 खिलाड़ी दिख रहे हैं, लेकिन असल में वे 3 थे। यह मैं, मेरी प्रतियोगी और मेरी अभी तक दुनिया में न आने वाला छोटा बच्चा था। मेरे बच्चे और मैंने शारीरिक और भावनात्मक दोनों चुनौतियों का सामना किया। गर्भावस्था अपने आप में कठिन है, लेकिन जीवन और खेल के बीच संतुलन बनाए रखने की लड़ाई बेहद कठिन थी।'

करियर

कैसा रहा है हाफिज का करियर?

हाफिज साल 2014 में मिस्र की राष्ट्रीय वरिष्ठ महिला सेबर फेंसिंग टीम में शामिल हुईं थी। उन्होंने अल्जीरिया में अफ्रीकी क्षेत्रीय योग्यता के माध्यम से साल 2016 के रियो ओलंपिक में जगह बनाने में सफल रहीं थी। इसके बाद वह 2021 के टोक्यो ओलंपिक में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। उन्होंने 2018 अफ्रीकी क्षेत्रीय चैम्पियनशिप में रजत पदक, 2014 और 2019 में कांस्य पदक और बेल्जियम टूरनोई सैटेलाइट में कांस्य पदक जीता है।

परिवार

हाफिज ने अपने परिवार का किया शुक्रिया 

हाफिज ने अपने पति और परिवार का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनका पूरा साथ दिया। उन्होंने अपने पोस्ट पर आगे लिखा, 'मैं यह पोस्ट लिख रही हूं ताकि कह सकूं कि अंतिम 16 में अपनी जगह सुरक्षित करने पर मुझे गर्व है। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे अपने पति और अपने परिवार का भरोसा मिला, जिससे मैं यहां तक पहुंच पाई। यह ओलंपिक अलग था, 3 बार ओलंपियन लेकिन इस बार एक छोटे ओलंपियन को साथ लेकर।'

जानकारी

2024 ओलंपिक में हाफिज का प्रदर्शन 

हाफिज ने पहले मैच में टार्टाकोवस्की को 15-13 से हराया था। हालांकि, दूसरे मैच में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। कोरिया की जिओन हायोंग से वह मुकाबला 7-15 से हार गईं थी। वह ओलंपिक में अब तक कोई पदक नहीं जीत पाईं हैं।