Page Loader
पैरालंपिक 2024: भारत को बड़ा झटका, बैडमिंटन चैंपियन प्रमोद भगत पर लगा 18 महीने का प्रतिबंध
पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत पर लगा 18 महीनों का प्रतिबंध (तस्वीर: फाइल एक्स/@India_AllSports)

पैरालंपिक 2024: भारत को बड़ा झटका, बैडमिंटन चैंपियन प्रमोद भगत पर लगा 18 महीने का प्रतिबंध

Aug 13, 2024
11:11 am

क्या है खबर?

पेरिस में 28 अगस्त से 8 सितंबर तक होने वाले पैरालंपिक 2024 से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। टोक्यो पैरालंपिक 2020 में बैडमिंटन का स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रमोद भगत पर डोपिंग संबंधी नियमों का उल्लंघन करने के कारण 18 महीनों का प्रतिबंध लगा दिया गया है। ऐसे में वह अब पेरिस पैरालंपिक में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। एंटी डोपिंग डिविजन कोर्ट ऑफ ऑर्बिटेशन फोर स्पोर्ट (CSA) ने उन्हें दोषी पाए जाने पर सजा का ऐलान किया है।

उल्लंघन

प्रमोद ने क्या किया उल्लंघन?

बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) के बयान में कहा गया है, "CSA ने प्रमोद को 12 महीनों में 3 बार अपने ठिकाने की जानकारी देने के लिए कहा था, लेकिन वह ऐसा करने में विफल रहे हैं। इसके बाद 1 मार्च, 2024 को CSA ने उन्हें दोषी करार देकर 18 महीने का प्रतिबंध लगाया था।" हालांकि, प्रमोद ने CSA के फैसले के खिलाफ अपील भी की थी, लेकिन गत 29 जुलाई को CSA अपील डिविजन ने उसे खारिज कर दिया।

प्रदर्शन

शानदार रहा है प्रमोद का प्रदर्शन 

टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद प्रमोद का प्रदर्शन शानदार रहा है। इस साल की शुरुआत में उन्होंने थाईलैंड के पटाया में पैराबैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप में इंग्लैंड के डेनियन बथेल को हराकर अपने पुरुष एकल के खिताब का बचाव किया था। 35 वर्षीय भगत ने 1 घंटे 40 मिनट तक चले मुकाबले में बथेल को 14-21, 21-15, 21-15 से मात दी थी। इससे पहले उन्होंने साल 2015, 2019 और 2022 में भी यह खिताब अपने नाम किया था।