Page Loader
पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड: हैरी ब्रूक ने टेस्ट क्रिकेट में जड़ा पहला दोहरा शतक, जानिए आंकड़े 
हैरी ब्रूक ने कमाल की पारी खेली है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड: हैरी ब्रूक ने टेस्ट क्रिकेट में जड़ा पहला दोहरा शतक, जानिए आंकड़े 

Oct 10, 2024
12:16 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम की युवा सनसनी हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ मुल्तान टेस्ट में दोहरा शतक लगाया है। यह उनके टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 186 रन था। उन्होंने यह पारी न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली थी। ब्रूक ने 245 गेंदों का सामना करते हुए अपना दोहरा शतक पूरा किया। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही ब्रूक की पारी?

पाकिस्तान ने पहली पारी में 556 रन बनाए थे। इसका जवाब इंग्लैंड ने जोरदार तरीके से दिया। ब्रूक नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आए तो टीम का स्कोर 249 रन था। जो रूट के साथ मिलकर उन्होंने टीम का स्कोर 600 से पार पहुंचा दिया है। रूट ने भी मुकाबले में दोहरा शतक लगाया। मुल्तान की पिच तेज गेंदबाज हो या स्पिन गेंदबाज किसी को भी मदद नहीं कर रही है। पाकिस्तान के सभी गेंदबाज बेबस नजर आ रहे हैं।

पाकिस्तान

पाकिस्तान के खिलाफ कमाल के हैं ब्रूक के आंकड़े 

पाकिस्तान के खिलाफ ब्रूक के आंकड़े शानदार हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ पहला मैच 2022 में खेला था। 4 मैच की 6 पारियों में ब्रूक ने 130 से ज्यादा की औसत से बल्लेबाजी की है। उनके बल्ले से 650 से ज्यादा रन निकले हैं। ब्रूक ने 4 शतक 1 दोहरा शतक के अलावा 1 अर्धशतक भी लगाया है। इस खिलाड़ी के टेस्ट करियर में 2 और शतक न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज के खिलाफ आए हैं।

करियर

ब्रूक के टेस्ट करियर पर एक नजर 

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 2022 में ब्रूक ने टेस्ट करियर का आगाज किया था। उन्होंने 19 टेस्ट में 60 से ज्यादा की औसत के साथ 1,700 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस युवा खिलाड़ी की खेल के सबसे लंबे प्रारूप में स्ट्राइक रेट 90 से ज्यादा की रही है। वह अपने करियर में अब तक 6 शतक के अलावा 9 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। पाकिस्तान के खिलाफ यह पारी उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है।

साल

साल 2024 में कमाल कर रहे हैं ब्रूक 

साल 2024 में ब्रूक 2 शतक 2अर्धशतक और 1 दोहरा शतक जड़े चुके हैं। उन्होंने अब तक 7 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 11 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 550 से ज्यादा रन बनाए हैं। पिछले साल भी ब्रूक कमाल के फॉर्म में थे। उन्होंने 8 टेस्ट मैच की 14 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 53.92 की औसत से 701 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 शतक और 6 अर्धशतक निकले थे।

जोड़ी

रूट और ब्रूक की जोड़ी ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ 2 बार ऐसा हुआ है जब एक पारी में 2 खिलाड़ियों ने दोहरे शतक जड़े हैं। पहली बार साल 1985 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ ग्रीम फाउलर (201) और माइक गैटिंग (207) ने यह कारनामा किया था। रूट और ब्रूक के बीच 409* रन की साझेदारी हुई है। यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की सबसे बड़ी साझेदारी है।