भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2026 में मैच खेलेगा पाकिस्तान, हुआ आधिकारिक ऐलान
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच 15 फरवरी को होने वाला मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से ही होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) आखिरकार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के दबाव के आगे झुक गया। बता दें कि इससे पहले पाकिस्तानी सरकार ने भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी, जिससे विवाद बढ़ गया था। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
PCB ने जारी किया बयान
PCB ने बयान जारी करते हुए कहा, 'पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ICC और BCB के बीच हुई उच्च-स्तरीय बातचीत के नतीजों के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दी।' बोर्ड ने आगे कहा, 'कई देशों के साथ बातचीत के नतीजों और दोस्त देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार क्रिकेट टीम को 15 फरवरी, 2026 को टी-20 विश्व कप में अपने तय मैच के लिए मैदान में उतरने का निर्देश देती है।'
बयान
ICC ने किया आधिकारिक ऐलान, बांग्लादेश पर नहीं लगेगा जुर्माना
ICC ने PCB और BCB के बीच लाहौर में हुई बैठक की जानकारी साझा की। ICC ने यह भी स्पष्ट किया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई वित्तीय, खेल या प्रशासनिक पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी। बता दें कि बांग्लादेश ने टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारत का दौरा करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से ऐसी संभावनाएं जताई जा रही थी कि BCB के खिलाफ ICC आर्थिक प्रतिबंध लगा सकता है।
बैठक
लाहौर में ICC और PCB के बीच हुई थी अहम बैठक
बीते रविवार (8 फरवरी) को लाहौर में ICC, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी। इस बैठक का मुख्य एजेंडा टी-20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मैच की स्थिति को स्पष्ट करना था। इस लंबी बैठक के बाद विवाद खत्म हुआ और यह मैच खेले जाने का रास्ता साफ हुआ।
विवाद
यहां से हुई थी विवाद की शुरुआत
बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में टी-20 विश्व कप खेलने से इनकार किया था। वहीं, 24 जनवरी को ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था। इस पर PCB अध्यक्ष नकवी ने नाराजगी जताते हुए ICC पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाने के साथ पाकिस्तान की भागीदारी पर संदेह जताया था। इसी क्रम में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की बात कही थी।