पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान पर लगा प्रतिबंध, विदेश में हुई बेइज्जती का किया था खुलासा
क्या है खबर?
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के प्रेसिडेंट तारिक बुगती ने होटल पेमेंट में हुई गड़बड़ी के बाद इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान शकील अम्माद बट पर भी 2 साल का प्रतिबंध लगाया है। बता दें कि हाल ही में पाकिस्तान की नेशनल टीम ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, जहां उनके रहने तक की सही व्यवस्था नहीं थी और पाकिस्तानी कप्तान ने सोशल मीडिया के जरिए बदइंतजामी की पोल खोली थी।
बयान
बुगती ने प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंपा
बुगती ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को अपना इस्तीफा सौंप दिया। बुगती ने गुरुवार, को इस बात की पुष्टि की। उन्होंने प्रधानमंत्री और फील्ड मार्शल असीम मुनीर दोनों से ऑस्ट्रेलिया में हुई घटना की पूरी जांच करने का आग्रह किया। बुगती ने कहा, "मैंने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री को भेज दिया है, लेकिन मैं उनसे और फील्ड मार्शल असीम मुनीर से FIH प्रो लीग के दौरान ऑस्ट्रेलिया में हुई पूरी घटना की निष्पक्ष जांच करने का आग्रह करता हूं।"
आरोप
पाकिस्तानी कप्तान ने PHF के खिलाफ खोला था मोर्चा
अम्माद बट ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद हॉकी फेडरेशन पर जमकर निशाना साधा था। कप्तान बट ने कहा था कि ऑस्ट्रेलिया में हालात इतने खराब थे कि एयरबीएनबी की व्यवस्था भी सिर्फ 10 दिनों के लिए की गई थी, जबकि टीम को 13 दिन रुकना था। मजबूरी में खिलाड़ियों को 10 दिन बाद सस्ती जगह पर शिफ्ट होना पड़ा था। हालात इतने खराब थे कि मैच खेलने से पहले खिलाड़ियों को बर्तन तक धोने पड़े।
परिणाम
अम्माद बट पर लगा पाकिस्तान हॉकी को बदनाम करने का आरोप
पाकिस्तानी कप्तान द्वारा की गई आलोचना की उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ी। PHF प्रेसिडेंट बुगती ने कप्तान पर 2 साल का प्रतिबंध लगा दिया और उन पर पाकिस्तान हॉकी को बदनाम करने का आरोप भी लगाया। बुगती का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब PHF और सरकारी PSB इस गड़बड़ी के लिए एक-दूसरे पर इल्जाम लगा रहे हैं। बुगती ने कहा कि PSB ने ऑस्ट्रेलिया टूर के सारे इंतजाम संभाले थे और वही इस मुसीबत के लिए जिम्मेदार है।
कोच
कोच ने भी इस्तीफा देने की पेशकश की
पाकिस्तान के प्रमुख कोच ने भी इस्तीफा देने की पेशकश की है। हालांकि, उन्होंने टीम के खराब प्रदर्शन के लिए कुछ हद तक अनुशासनहीनता को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बट समेत कुछ खिलाड़ियों ने टीम के साथियों के साथ गाली-गलौज की, जिससे प्रो लीग में परफॉर्मेंस पर असर पड़ा। पाकिस्तान अब तक सभी 8 मैच हार चुका है और नौ टीमों के कॉम्पिटिशन में सबसे नीचे है।