पाकिस्तान ने भारत में होने वाली एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी से नाम वापस लिया
क्या है खबर?
आगामी 27 अक्टूबर से भारत में एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन होना है। इस अहम टूर्नामेंट से पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर अपना नाम वापस ले लिया है। दरअसल, पाकिस्तान द्वारा अपने मैच किसी तटस्थ मैदान पर कराने की मांग की थी, जिसे नहीं माना गया। अब इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जगह पर बांग्लादेश की टीम हिस्सा लेती हुई नजर आएगी। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
कारण
पाकिस्तान ने भारत में अपनी टीम भेजने से किया इनकार
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनावपूर्ण हालात और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टीम भेजने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद टूर्नामेंट के आयोजकों ने कार्यक्रम और आयोजन स्थलों में बदलाव नहीं करने का फैसला किया।
खबरों के मुताबिक, एशियन हॉकी फेडरेशन ने पाकिस्तान की जगह पर बांग्लादेश को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का निमंत्रण दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
बांग्लादेश
क्यों बांग्लादेश की टीम का हुआ है चुनाव?
पिछले महीने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा की थी, जिसमें पाकिस्तान की हिस्सेदारी की बात भी कही गई थी।
उस मौके पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
उस समय बांग्लादेश और ओमान को रिजर्व टीमों में रखा गया था। ऐसे में पाकिस्तान के हटने के साथ ही रिजर्व में मौजूद बांग्लादेश का रास्ता साफ हो गया।
टूर्नामेंट
ये 6 टीमें लेंगी हिस्सा
भारत, मलेशिया, जापान, कोरिया, चीन और बांग्लादेश की टीमें एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेगी।
27 अक्टूबर को जालंधर में बांग्लादेश के खिलाफ भारत अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
इसके बाद 29 अक्टूबर को भारतीय टीम अपने दूसरे मैच में चीन से भिड़ेगी।
इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच 5 नवंबर को खेला जाएगा।
कार्यक्रम के मुताबिक, इस टूर्नामेंट के सभी मैच जालंधर और मोहाली में खेले जाएंगे।