पाकिस्तान ने भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज फिर से शुरू करने की रखी मांग- रिपोर्ट
क्या है खबर?
बीते रविवार (8 फरवरी) को लाहौर में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC), पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। ऐसी खबर है कि इस अहम बैठक में PCB ने भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज फिर से खेलने की अपनी मांग रखी। बता दें कि पाकिस्तानी सरकार ने टी-20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का ऐलान किया था, इस संबंध में ये बैठक हुई थी।
रिपोर्ट
PCB ने भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज की रखी मांग
स्पोर्ट्स तक के मुताबिक, PCB न सिर्फ पाकिस्तान, बल्कि बांग्लादेश के लिए भी भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज फिर से शुरू करवाना चाहता था। इसके साथ-साथ PCB और BCB ने भारत और खुद को शामिल करते हुए एक त्रिकोणीय सीरीज की मांग रखी। लंबे समय से भारत-पाकिस्तान के बीच किसी भी प्रारूप में द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है। वहीं, भारत-बांग्लादेश के बीच सितंबर 2026 में द्विपक्षीय सीरीज तय है, जिस पर मौजूदा तनाव को देखते हुए संशय की स्थिति है।
रिपोर्ट
ICC ने PCB की इन मांगों को खारिज किया
ICC ने पाकिस्तान के इन अनुरोधों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि ऐसे मामले उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आते हैं, जिसमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) भी शामिल है। ICC की ओर से आधिकारिक घोषणा आज शाम या कल सुबह तक होने की संभावना है। बता दें कि अब तक WTC के 3 चक्र संपन्न हो चुके हैं और इस समय चौथा जारी है। मौजूदा चक्र में भी भारत-पाकिस्तान की सीरीज तय नहीं है।
मांगें
PCB ने ICC के सामने किए ये अनुरोध
रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB ने कहा कि बांग्लादेश को टी-20 विश्व कप में हिस्सा नहीं लेने के कारण सजा न दी जाए। उन्हें ICC रेवेन्यू में अपना हिस्सा मिलना चाहिए। एक अन्य अनुरोध में PCB ने ICC को बांग्लादेश को एक ICC टूर्नामेंट देने की मांग की क्योंकि पिछले साल महिलाओं का टी-20 विश्व कप बांग्लादेश से दुबई शिफ्ट कर दिया गया था। हालांकि, इनमें से ICC ने कितने अनुरोधों को स्वीकारा, इस पर स्पष्टता नहीं है।
टी-20 विश्व कप
क्या टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच खेलेगी पाकिस्तानी टीम?
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हाल ही में कहा था कि उनका देश भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। हालांकि, अब लाहौर में हुई बैठक के बाद वह अपनी बात से पीछे हट सकते हैं। ICC ने PCB को अपना आखिरी फैसला लेने के लिए एक दिन का समय दिया है। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा है कि वह फैसला लेने से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से सलाह लेना चाहते हैं। ऐसे में जल्द आधिकारिक ऐलान हो सकता है।