टी-20 विश्व कप 2026: श्रीलंका के खिलाफ जीत के बावजूद सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी पाकिस्तान
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 50वें मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को 5 रन से हराया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212/8 का स्कोर बनाया, जिसमें साहिबजादा फरहान का शतक (100) शामिल रहा। जवाब में श्रीलंकाई टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 207/6 का स्कोर ही बना सकी। इस जीत के बावजूद पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती पाकिस्तानी टीम
पाकिस्तान से पारी की शुरुआत करने आए फरहान ने शतक (100) लगाया। उनके अलावा फखर जमान ने 84 रन की पारी खेलते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। श्रीलंका से दिलशान मदुशंका ने 33 रन तक अपने 3 विकेट लिए। जवाब में पथुम निसांका (3) के जल्दी आउट होने के बाद चरिथ असलंका (25) और कामिल मिशारा (26) ने पारी को संभाला। इसके बाद पवन रथनायके (58) और दासुन शनाका (76*) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
फरहान
फरहान ने लगाया शतक
फरहान ने पारी का तीसरा ओवर करने आए दिलशान मदुशंका के खिलाफ चौके और छक्के लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए। बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर फरहान ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। निरंतर रन बटोरते हुए उन्होंने अंतिम ओवरों के दौरान 59 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 60 गेंदों में 9 चौकों और 5 छक्कों की बदौलत 100 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
एक विश्व कप संस्करण में सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज बने फरहान
फरहान ने टी-20 विश्व कप 2026 में अब तक 6 पारियों में 76.60 की औसत से 383 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक भी शामिल है। विराट कोहली ने 2014 के संस्करण में 6 मैच खेलते हुए 106.33 की औसत से 319 रन अपने नाम किए थे। विशेष रूप से, भारत उस संस्करण के फाइनल में श्रीलंका से हारकर उपविजेता रहा था। इसके अलावा, कोहली कई टी-20 विश्व कप संस्करणों में 250+ रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी भी हैं।
फखर
अपने पहले शतक से चूके फखर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फखर ने साहिबजादा फरहान का बखूबी साथ निभाया। इस जोड़ी ने मिलकर पावरप्ले में 64 रन की साझेदारी की। तेजी से रन बटोरते हुए वह महज 16 रन से अपना पहला शतक पूरा करने से चूक गए। वह 42 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी का अंत दुष्मंता चमीरा ने किया।
साझेदारी
फरहान और फखर ने की रिकॉर्ड साझेदारी
फरहान और फखर ने पहले विकेट के लिए 176 रन की साझेदारी की। यह टी-20 विश्व कप के इतिहास में किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले टिम साइफर्ट और फिन एलन ने UAE के विरुद्ध 175 रन (2026 में) की अटूट साझेदारी की थी। तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड जोस बटलर और एलेक्स हेल्स (170* रन बनाम भारत, 2022) के नाम पर दर्ज है।
सेमीफाइनल
न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में किया प्रवेश
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तानी टीम को श्रीलंका की पारी को 147 या उससे कम स्कोर तक रोकना था। हालांकि, पाकिस्तानी गेंदबाज ऐसा करने में नाकाम रहे। यह सुपर-8 में पाकिस्तान की पहली जीत रही और इसके बावजूद पाकिस्तान का नेट रन रेट नकारात्मक (-0.123) रहा। ऐसे में बेहतर नेट रन रेट के चलते न्यूजीलैंड (+1.390) ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस ग्रुप से इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर चुकी थी।