LOADING...
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का बड़ा फैसला, अब प्रारूप के आधार पर खिलाड़ियों को मिलेगा केंद्रीय अनुबंध
पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा बदलाव हुआ है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का बड़ा फैसला, अब प्रारूप के आधार पर खिलाड़ियों को मिलेगा केंद्रीय अनुबंध

Jun 15, 2026
10:12 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पारंपरिक केंद्रीय अनुबंध की जगह नया प्रारूप आधारित केंद्रीय अनुबंध लागू करने जा रहा है। इसकी घोषणा PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने की। उनके अनुसार खिलाड़ियों के अनुबंध से जुड़े फैसले आंकड़ों और प्रदर्शन के विश्लेषण के आधार पर लिए जाएंगे। उनके मुताबिक, करीब 85 प्रतिशत निर्णय डेटा के आधार पर होंगे, जिससे मानवीय हस्तक्षेप कम होगा। PCB का मानना है कि इससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन अधिक निष्पक्ष तरीके से किया जा सकेगा।

बयान

नकवी ने क्या कहा? 

नकवी ने कहा कि नए सिस्टम को लागू करने का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को अलग-अलग श्रेणियों में रखने को लेकर होने वाली बहस को खत्म करना है। उनके अनुसार कई बार खिलाड़ी भी अपनी श्रेणी से संतुष्ट नहीं होते थे, जिससे असहज स्थिति पैदा हो जाती थी। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि बोर्ड ने नए मॉडल का एक विस्तृत दस्तावेज तैयार किया है। इसके तहत अधिकांश फैसले आंकड़ों और प्रदर्शन के विश्लेषण के आधार पर होंगे।

प्रारूप

क्या कहता है अनुबंध का नया प्रारूप?

नए सिस्टम के तहत खिलाड़ियों को अब A, B, C और D जैसी पारंपरिक श्रेणियों में नहीं रखा जाएगा। उनकी पहचान इस आधार पर होगी कि वे किस प्रारूप में खेलते हैं। PCB ने इन श्रेणियों को 'फॉर्मेट ट्रैक' नाम दिया है। केवल टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों को ट्रैक-A में रखा जाएगा, जबकि टेस्ट और वनडे दोनों खेलने वाले ट्रैक-AB में होंगे। सीमित ओवरों के नियमित खिलाड़ियों को ट्रैक-BC और टी-20 विशेषज्ञ खिलाड़ियों को ट्रैक-D अनुबंध दिया जाएगा।

Advertisement

फ्रेंचाइजी

ट्रैक-D के खिलाड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल पाएंगे 

ट्रैक-D वाले खिलाड़ियों को दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीगों में खेलने की स्वतंत्रता मिलेगी। दूसरी ओर, टेस्ट विशेषज्ञ खिलाड़ियों पर सबसे ज्यादा प्रतिबंध होंगे, लेकिन उन्हें PCB से सबसे अधिक आर्थिक सहायता भी मिलेगी। नकवी ने कहा कि खिलाड़ियों को अलग-अलग ट्रैक में रखने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और किसी व्यक्ति की निजी राय पर निर्भर नहीं रहेगी। किस खिलाड़ी को कौन सा ट्रैक मिला है और किसी ट्रैक में कितने खिलाड़ी हैं, यह जानकारी सार्वजनिक नहीं होगी।

Advertisement

कोच

पाकिस्तान के कोच ने की तारीफ 

PCB ने पिछले एक साल से घरेलू क्रिकेट में इस नई अनुबंध प्रणाली को लागू किया हुआ है। पाकिस्तान के कोच माइक हेसन ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि यह ढांचा खिलाड़ियों की सभी जरूरतों को ध्यान में रखता है और टेस्ट क्रिकेट के प्रति बोर्ड की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हेसन के अनुसार, इससे टी-20 खिलाड़ियों को दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीगों में खेलने, अपने खेल को निखारने और बेहतर आर्थिक लाभ हासिल करने का अवसर मिलेगा।

घरेलू

घरेलू क्रिकेट में भागीदारी होगी अहम 

नई अनुबंध प्रणाली में घरेलू क्रिकेट में नियमित और सक्रिय भागीदारी को केंद्रीय अनुबंध पाने की अहम शर्त बनाया गया है। हालांकि, सक्रिय भागीदारी का क्या नियम होगा ये नहीं बताया गया है। बोर्ड ने साफ किया है कि प्रत्येक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर लगातार नजर रखी जाएगी। इसमें यह आकलन भी शामिल होगा कि खिलाड़ी अपने चुने गए क्रिकेट प्रारूप के प्रति कितना समर्पित है और उस रास्ते पर उसका प्रदर्शन कितना प्रभावी और सफल रहता है।

Advertisement