श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम घोषित, बाबर और शाहीन को जगह नहीं
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने श्रीलंका के खिलाफ 7 जनवरी से शुरू होने वाली 3 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। शादाब खान की वापसी हुई है, जो कंधे की सर्जरी के कारण टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने इस महीने बिग बैश लीग (BBL) में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की और अन्य पाकिस्तानी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन किया। टी-20 विश्व कप से पहले यह पाकिस्तान की ये आखिरी टी-20 सीरीज होगी।
मौका
बाबर आजम और शाहीन अफरीदी को नहीं मिला मौका
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी BBL में अपना अभियान जारी रखेंगे, क्योंकि उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। BBL में खेल रहे हारिस रऊफ, हसन अली और मोहम्मद रिजवान को भी इस सीरीज के लिए नहीं चुना गया। हालांकि, इन खिलाड़ियों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जरूरत पड़ने पर वे ऑस्ट्रेलिया से लौटने के लिए तैयार हैं।
उपलब्ध
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से PCB ने किया था यह वादा
PCB ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को भरोसा दिलाया था कि BBL के लिए अनुबंधित सभी खिलाड़ी पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसी वजह से बोर्ड ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में अपनी मौजूदा रिजर्व खिलाड़ियों की ताकत पर भरोसा जताया है। आघा सलमान की कप्तानी में घोषित टीम में अनकैप्ड बल्लेबाज ख्वाजा नफाय को भी मौका दिया गया है, जबकि अब्दुल समद की टीम में वापसी हो गई है।
जानकारी
ख्वाजा को पहली बार मिला मौका
राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने ख्वाजा को पहली बार टीम में जगह दी है। इस बल्लेबाज ने 32 टी-20 मैचों में 688 रन बनाए हैं, उनकी स्ट्राइक रेट 132.81 की रही। उन्होंने इस साल पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
टीम
सीरीज के लिए ऐसी है श्रीलंका की टीम
ऐसी है पाकिस्तान की टीम: आघा सलमान (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफाय, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अय्यूब, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारीक। खिलाड़ियों ने बोर्ड को बताया था कि वे इस सीरीज में खेलना चाहते हैं, ताकि हालात के अनुसार खुद को ढाल सकें। पाकिस्तान को विश्व कप में अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने हैं और यह सीरीज उसी की तैयारी होगी।