एकमात्र टेस्ट: सोफी एक्लेस्टोन ने भारतीय टीम की दूसरी पारी में लिए 5 विकेट, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
लॉर्ड्स में जारी एकमात्र टेस्ट में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दूसरी पारी में 5 विकेट लिए। उन्होंने भारत की दूसरी पारी के दौरान बेहतरीन गेंदबाजी की और अपने टेस्ट करियर का कुल चौथा 5 विकेट हॉल लिया। उनकी उम्दा गेंदबाजी के बावजूद भारत ने अपनी दूसरी पारी 341/7 के स्कोर पर घोषित की है। आइए एक्लेस्टोन की गेंदबाजी पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही एक्लेस्टोन की गेंदबाजी
एक्लेस्टोन ने भारतीय सलामी बल्लेबाज शफाली वर्मा (33) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। बाएं हाथ की इस स्पिनर ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (16) को भी अपनी फिरकी के जल में फंसाया। इसके बाद उन्होंने दीप्ति शर्मा (10), स्नेह राणा (1) और यास्तिका भाटिया (113) को भी पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 33.3 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 118 रन देते हुए 5 विकेट चटकाए।
आंकड़े
एक्लेस्टोन ने चौथी बार लिया 5 विकेट हॉल
एक्लेस्टोन ने टेस्ट में चौथी बार, कम से कम 5 विकेट लेने का कारनामा किया है। टेस्ट क्रिकेट में महिला क्रिकेट में उनसे ज्यादा 5 विकेट हॉल सिर्फ इंग्लैंड की मैरी डुगन और भारत की शुभांगी कुलकर्णी ने (5-5 बार) लिए हैं। वहीं न्यूजीलैंड की जैकी लॉर्ड और ऑस्ट्रेलिया की बेट्टी विल्सन 4-4 बार 5 विकेट हॉल ले चुकी हैं। एक्लेस्टोन के टेस्ट करियर में अब 10 मैचों में 28.66 की औसत से 48 विकेट हैं।
जानकारी
भारत ने दिया विशाल लक्ष्य
भारत ने अपनी दूसरी पारी 341/7 के स्कोर पर घोषित की, जिसमें यास्तिका भाटिया का शतक शामिल रहा। इसके साथ ही भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 457 रन का लक्ष्य रखा।