वनडे कप: आशुतोष शर्मा ने हैम्पाशायर के लिए झटके 4 विकेट, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा का रॉयल वनडे कप 2026 में हैम्पशायर के साथ सफर अप्रत्याशित मोड़ ले चुका है। उन्हें विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए टीम में शामिल किया गया था, लेकिन बल्ले से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं। हालांकि, वह टूर्नामेंट के शीर्ष गेंदबाजों में से एक बनकर उभरे हैं। अपने पहले मैच में 3 विकेट लेने के बाद उन्होंने शुक्रवार को मिडलसेक्स के खिलाफ भी चार विकेट चटकाए।
प्रदर्शन
कैसा रहा आशुतोष का प्रदर्शन?
आशुतोष बल्ले से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने यॉर्कशायर के खिलाफ सिर्फ 10 रन बनाए और मिडलसेक्स के खिलाफ शून्य पर आउट हो गए।
हालांकि, उनकी गेंदबाजी टूर्नामेंट में चर्चा का मुख्य विषय रही है।
इंग्लैंड आने से पहले 27 वर्षीय इस खिलाड़ी ने लिस्ट-A क्रिकेट में केवल 22 ओवर गेंदबाजी की थी और सिर्फ 2 विकेट लिए थे, लेकिन वनडे कप में वह 2 मैचों में 7 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
गेंदबाजी
दोनों मैचों में कैसी रही आशुतोष की गेंदबाजी?
यॉर्कशायर के खिलाफ अपने पहले मैच में आशुतोष ने 9 ओवर में एक मेडन के साथ 3/48 के आंकड़े दर्ज किए। इससे टीम को 50 रनों से जीत दर्ज करने में मदद मिली।
इसी तरह मिडलसेक्स के खिलाफ दूसरे मैच में उन्होंने 9 ओवर में 4/54 के आंकड़े दर्ज किए।
यह उनके लिस्ट-A करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। उन्होंने नाथन फर्नांडेस (45), जो क्रैकनेल (17), जफर गोहर (0) और जैक नेल्सन (1) को अपना शिकार बनाया।
करियर
कैसा रहा है आशुतोष का लिस्ट-A करियर?
आशुतोष का लिस्ट-A करियर काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 23 मैचों में 22.28 की औसत से 468 रन बनाए हैं।
उनकी स्ट्राइक रेट 130.36 की रही है। इसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 75 रन का रहा है।
इसी तरह उन्होंने इतने ही मैचों में 26.66 की औसत और 6 की इकॉनमी से 9 विकेट चटकाए हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/54 का रहा है। वह अब गेंदबाजी में प्रभावित कर रहे हैं।