Page Loader
आज के दिन गांगुली-द्रविड़ ने रचा था इतिहास, की थी 300 से ज्यादा रनों की साझेदारी

आज के दिन गांगुली-द्रविड़ ने रचा था इतिहास, की थी 300 से ज्यादा रनों की साझेदारी

May 26, 2021
04:40 pm

क्या है खबर?

पूर्व भारतीय दिग्गज सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने 22 साल पहले आज के ही दिन इतिहास रच दिया था। साल 1999 में विश्व कप मुकाबले में दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 318 रनों की मैराथन साझेदारी की थी। यह वनडे इतिहास की पहली 300 से अधिक रनों की साझेदारी थी। उस मुकाबले में भारत के दोनों दिग्गजों ने शतक लगाए थे। उस ऐतिहासिक मुकाबले पर एक नजर डालते हैं।

शुरुआत

भारत की हुई खराब शुरुआत

टांटन के मैदान में श्रीलंका के कप्तान अर्जुन रणतुंगा ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज सदगोपन रमेश सिर्फ पांच रन बनाकर पहले ओवर में ही आउट हो गए। उन्हें चामिंडा वास ने पारी की पांचवी गेंद पर बोल्ड कर दिया। शुरुआती झटके के बाद गांगुली का साथ निभाने के लिए मैदान में राहुल द्रविड़ आए।

साझेदारी

गांगुली-द्रविड़ ने की रिकॉर्ड साझेदारी

गांगुली और द्रविड़ ने मिलकर विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और भारत ने 373/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 318 रनों की साझेदारी की। इस बीच द्रविड़ ने 129 गेंदों में 17 चौकों और एक छक्के की मदद से 145 रन बनाए। वहीं गांगुली ने 158 गेंदों में 17 चौकों और सात छक्कों की बदौलत 183 रनों की पारी खेली। द्रविड़ रन आउट हुए जबकि गांगुली विक्रमसिंघे का शिकार बने।

लेखा-जोखा

आसानी से जीता भारत

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 43वें ओवर में 216 रनों पर ही सिमट गई। भारत ने 157 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। श्रीलंका की ओर से अरविंद डिसिल्वा ने सर्वाधिक 56 रन बनाए थे। दूसरी तरफ भारत की ओर से रॉबिन सिंह ने 9.3 ओवरों में 31 रन देकर सर्वाधिक पांच विकेट झटके थे। सौरव गांगुली को जबरदस्त शतक के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था।

रिकार्ड्स

मैच में बने ये रिकार्ड्स

द्रविड़ और गांगुली के बीच हुई 318 रनों की साझेदारी वनडे इतिहास की पहली 300 रनों की साझेदारी है। यह आज भी दूसरे विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। गांगुली द्वारा बनाए गए 183 रन आज भी भारत की ओर से विश्व कप में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। यह गांगुली के वनडे करियर का सर्वोच्च स्कोर साबित हुआ। रॉबिन सिंह (5/31) विश्व कप के एक मैच में पांच विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बने थे।

साझेदारी

द्रविड़-सचिन ने बनाया नया रिकॉर्ड

गांगुली और द्रविड़ का यह साझेदारी का यह रिकॉर्ड ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सका था। छह महीने बाद ही द्रविड़ ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ यह रिकॉर्ड तोड़ दिया था। दोनों ने मिलकर हैदराबाद वनडे में 331 रन जोड़े थे। यह भारत की ओर से वनडे में सबसे बड़ी साझेदारी है। अब तक वनडे इतिहास में सिर्फ पांच बार ही 300 से अधिक रनों की साझेदारी हुई है।