Page Loader
भारत के खिलाफ खतरनाक साबित हो सकते हैं शाकिब अल हसन, जानिए आंकड़े 
शाकिब अल हसन से बांग्लादेश को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी (तस्वीर: एक्स/@ICC)

भारत के खिलाफ खतरनाक साबित हो सकते हैं शाकिब अल हसन, जानिए आंकड़े 

Oct 15, 2023
06:40 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम विश्व कप 2023 में 3 मुकाबले खेल चुकी है। 1 मैच में टीम को जीत मिली है और 2 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। अब टीम अपना अगला मुकाबला भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलने वाली है। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन भारतीय टीम के खिलाफ जब भी खेले हैं तब उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपना कमाल दिखाया है। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

रिकॉर्ड

शाकिब का भारत के खिलाफ बल्लेबाजी रिकॉर्ड 

शाकिब ने भारतीय टीम के खिलाफ पहला मुकाबला साल 2007 में खेला था। उन्होंने अब तक 22 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 21 पारियों में उन्होंने 37.55 की औसत से 751 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 85 रन रहा है। शाकिब ने भारत के खिलाफ 9 अर्धशतक लगाए हैं। वह 1 बार नाबाद भी रहे हैं। बांग्लादेश के कप्तान ने भारत के खिलाफ 83.35 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है।

गेंदबाजी

शाकिब का भारत के खिलाफ गेंदबाजी रिकॉर्ड 

शाकिब ने भारत के खिलाफ 22 मुकाबलों में 32.65 की औसत से 29 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/36 विकेट का रहा है। शाकिब ने भारत के खिलाफ 4.87 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की है। ऐसे में भारतीय टीम को इस खिलाड़ी से संभलकर रहना होगा। वनडे क्रिकेट में शाकिब ने सबसे ज्यादा विकेट जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ झटके हैं। उन्होंने 48 मुकाबलों में 82 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/30 का रहा है।

करियर

कैसा रहा है शाकिब का वनडे करियर?

6 अगस्त, 2006 को जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे डेब्यू करने वाले शाकिब ने अपने करियर में अब तक 243 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 4.44 की इकॉनमी से 313 विकेट चटकाए हैं। वह बांग्लादेश की ओर से वनडे में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इसके अलावा इस ऑलराउंडर ने 230 पारियों में 37.38 की औसत और 82.73 की स्ट्राइक रेट से 7,439 रन भी बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 9 शतक लगाए हैं।

विश्व कप

विश्व कप 2023 में अब तक कैसा रहा है शाकिब का प्रदर्शन?

इस विश्व कप में शाकिब ने पहला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। उस मैच में उन्होंने बल्लेबाजी में 14 रन बनाए थे। हालांकि, गेंदबाजी में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 30 रन देकर 3 विकेट झटके थे। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे मुकाबले में शाकिब सिर्फ 1 रन बना पाए और गेंदबाजी में 52 रन देकर 1 विकेट लिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में उन्होंने 40 रन की पारी खेली और 1 विकेट भी अपने नाम किया।