
विश्व कप 2023: हेनरिक क्लासेन ने लगातार दूसरे मुकाबले में बनाया 50+ का स्कोर, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
विश्व कप 2023 के 23वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने 90 रन की शानदार पारी खेली।
क्लासेन ने बांग्लादेश के गेंदबाजी आक्रमण को बौना साबित करते हुए तूफानी बल्लेबाजी की और मैदान के हर कोने में शॉट जमाए।
वह 10 रन से अपने वनडे करियर का 5वां शतक लगाने से चुक गए। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतक लगाया था।
आइए उनके आंकड़ों के बारे में जानते हैं।
पारी
कैसी रही क्लासेन की पारी और साझेदारी
क्लासेन दक्षिण अफ्रीका के 3 विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आए थे। उन्होंने सिर्फ 49 गेंद का सामना करते हुए 90 रन की पारी खेली।
क्लासेन ने 183.67 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और चौके तो सिर्फ 2 लगाए, लेकिन 8 छक्के जड़ दिए।
इस खिलाड़ी ने क्विंटन डिकॉक के साथ मिलकर सिर्फ 87 गेंद में 142 रन की साझेदारी निभाई। डेविड मिलर के साथ क्लासेन ने सिर्फ 25 गेंद में 65 रन जोड़ दिए।
प्रदर्शन
साल 2023 में कैसा रहा है क्लासेन का प्रदर्शन?
दाएं हाथ के बल्लेबाज क्लासेन का साल 2023 में वनडे क्रिकेट फॉर्मेट में प्रदर्शन काफी शानदार रहा है।
इस साल उन्होंने अब तक 16 वनडे मैच खेले हैं और इसकी 15 पारियों में 58.21 की शानदार औसत और 151.20 की स्ट्राइक रेट से 815 रन बना लिए हैं।
इस साल उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 174 रन रहा है। वह इस साल 3 शतक के अलावा 2 अर्धशतक भी जमा चुके हैं।
पारी
इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी ऐसी धमाकेदार पारी
क्लासेन ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मुकाबले में मैदान पर उतरते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना शुरू कर दिया था।
इसी के चलते इंग्लिश गेंदबाजी पटरी से उतर गई थी। उन्होंने उस पारी में 162.69 की स्ट्राइक रेट से 67 गेंदों में 109 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से 12 चौके और 4 छक्के निकले थे। क्लासेन ने छठे विकेट के लिए मार्को येन्सन के साथ मिलकर 77 गेंदों में 151 रन की शतकीय साझेदारी निभा दी थी।
करियर
ऐसा रहा है क्लासेन का वनडे करियर
क्लासेन ने साल 2018 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अपना पहला मैच खेला था।
उन्होंने 46 मैचों की 43 पारियों में 43.54 की औसत के साथ 1,611 रन बना चुके हैं। वह 4 शतक के अलावा 6 अर्धशतक भी लगा चुके हैं।
वह इस प्रारूप में दक्षिण अफ्रीका के 23वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
वनडे क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के इस बल्लेबाज की स्ट्राइक रेट 117.08 की रही है।