क्या अश्विन को रिटेन करेगी KXIP? कोच अनिल कुंबले ने दिया बड़ा बयान
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के कप्तान रविचंद्रन अश्विन के भविष्य को लेकर अनिश्चितताओं का दौर जारी है।
कुछ समय पहले की रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि अश्विन को दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड किया जा सकता है।
हालांकि, अब तक ऐसा कुछ हुआ नहीं है और नवनियुक्त डॉयरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशन एवं कोच अनिल कुंबले ने भी अब इस पर अपना बयान दिया है।
बयान
अश्विन को लेकर नहीं लिया जा सका फैसला- कुंबले
कुंबले का कहना है कि फिलहाल अश्विन को लेकर कोई फैसला नहीं लिया जा सका है।
कुंबले ने कहा, "मुझे आए अभी एक हफ्ता हुआ है। निश्चित समय के अंदर हम देखेंगे कि क्या निर्णय लिए जा सकते हैं। फिलहाल मुझे यह नहीं पता है कि हम किन खिलाड़ियों को रिटेन करने वाले हैं और किनको ट्रेड किया जाना है।"
कुंबले ने यह भी कहा कि अश्विन के बारे में जल्द ही फैसला लिया जाएगा।
बदलाव
टीम में बदलाव की जरूरत है- कुंबले
तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट पर KXIP से जुड़ने वाले कुंबले ने कहा कि टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ही बढ़िया स्किल वाले खिलाड़ियों की भी जरूरत है।
उन्होंने कहा, "टीम में कई तरह के बदलाव की जरूरत है। हमारे पास कई टैलेंटेड खिलाड़ी हैं, लेकिन हमें बैकअप की भी जरूरत है। नीलामी में अभी समय है और फिलहाल मुझे चीजों को समझने के लिए थोड़ा समय चाहिए।"
बता दें कि IPL 2020 की नीलामी 19 दिसंबर को होनी है।
नेस वाडिया
टीम के सह-मालिक ने कही थी अश्विन को रिटेन करने की बात
KXIP के सह-मालिक नेस वाडिया ने सोमवार को कहा था कि बोर्ड ने पुनर्विचार करने के बाद अश्विन को दिल्ली के साथ ट्रेड नहीं करने का निर्णय लिया है।
वाडिया ने कहा था, "बोर्ड ने पुनर्विचार किया और उन्हें समझ आया कि अश्विन टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। दिल्ली कैपिटल्स के साथ बात हुई थी, लेकिन उससे कुछ हो नहीं सका। उनके खेलने का अंदाज बताता है कि वह कितने शानदार खिलाड़ी हैं।"
कोच
कुंबले की दो साल से ज़्यादा के समय बाद कोच के रूप में वापसी
KXIP तीसरी IPL टीम है जिसके साथ अनिल कुंबले जुड़े और उन्होंने कोच के रूप में वह लगभग दो साल से ज़्यादा के समय बाद वापसी की।
2008 में कुंबले ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाड़ी के रूप में IPL करियर शुरु किया था।
दिग्गज लेग स्पिनर को बैंगलोर ने बाद में अपना मेंटोर बनाया था।
2013 में वह मुंबई इंडियंस के साथ भी मेंटोर के रोल में जुड़े और फिर 2015 में उन्होंने अपना पद छोड़ दिया था।
प्रजेंटेशन
19 अकटूबर को कुंबले देंगे प्रजेंटेशन
ESPNcricinfo की एक रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व भारतीय कप्तान कुंबले अपने प्लांस को बताने के लिए KXIP मैनेजमैंट के सामने 19 अक्टूबर को एक प्रजेंटेशन प्रस्तुत करेंगे।
उसी दिन टीम के मौजूदा कप्तान रविचंद्रन अश्विन के भविष्य को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है।
टीम ने IPL के 13वें सीजन के लिए अपनी जर्सी भी लॉन्च कर दी है।