LOADING...
फीफा विश्व कप: ब्राजील की टीम के साथ रवाना नहीं हुए नेमार, अगला मैच नहीं खेलेंगे
नेमार ब्राजील के लिए अगला मुकाबला भी नहीं खेलेंगे (फाइल तस्वीर)

फीफा विश्व कप: ब्राजील की टीम के साथ रवाना नहीं हुए नेमार, अगला मैच नहीं खेलेंगे

Jun 18, 2026
10:14 pm

क्या है खबर?

ब्राजील फुटबॉल टीम के स्टार खिलाड़ी नेमार अभी भी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। वह शुक्रवार को हैती के खिलाफ होने वाले फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-C मुकाबले के लिए टीम के साथ फिलाडेल्फिया की यात्रा नहीं करेंगे। ब्राजील फुटबॉल परिसंघ (CBF) ने इसकी पुष्टि की है। नेमार की वापसी को लेकर टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। इसी वजह से उन्हें पूरी तरह फिट होने तक मैचों से दूर रखा जाएगा।

न्यू जर्सी

न्यू जर्सी में ही रहेंगे नेमार

CBF ने बताया कि नेमार अपनी रिकवरी के अंतिम चरण का पूरा लाभ उठाने के लिए न्यू जर्सी में ही रहेंगे। वह द रिज होटल और कोलंबिया पार्क ट्रेनिंग सेंटर की अत्याधुनिक सुविधाओं का उपयोग करते हुए फिटनेस पर काम करेंगे। उनको 17 मई को सैंटोस के मैच के दौरान पिंडली में चोट लगी थी। हाल के सालों में चोटों ने उनके करियर को काफी प्रभावित किया है और इसी वजह से वह कई महत्वपूर्ण मुकाबलों से बाहर रहे हैं।

सुधार

नेमार की फिटनेस में हो रहा है सुधार 

नेमार की फिटनेस में इस सप्ताह तेजी से सुधार देखने को मिला है। 34 वर्षीय स्टार खिलाड़ी चोट लगने के बाद बुधवार को पहली बार प्रशिक्षण मैदान पर लौटे। उन्होंने शुरुआत में टीम से अलग वार्म-अप किया और बाद में ब्राजील के अपने साथियों के साथ कुछ अभ्यास सत्रों में हिस्सा लिया। इसके बाद नेमार ने ट्रेनिंग जारी रखी। उनकी प्रगति पर टीम के डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उनकी वापसी को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

Advertisement

वापसी

नेमार को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती ब्राजील 

ब्राजील की टीम अपने स्टार खिलाड़ी नेमार की फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। 5 बार की विश्व चैंपियन टीम का मानना है कि टूर्नामेंट में लंबी चुनौती पेश करने के लिए नेमार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। यही वजह है कि उनकी वापसी को लेकर पूरी सावधानी बरती जा रही है। नेमार ने लगभग 3 साल से ब्राजील के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है। वह अपनी टीम के लिए 79 गोल कर चुके हैं।

Advertisement

ड्रॉ

ब्राजील का पहला मैच रहा था ड्रॉ

ब्राजील ने फीफा विश्व कप 2026 अभियान की शुरुआत मोरक्को के खिलाफ ड्रॉ के साथ की थी और उसके खाते में फिलहाल एक अंक है। हैती अपनी पहली हार के बाद अंतिम स्थान पर है, ऐसे में नेमार की गैरमौजूदगी के बावजूद ब्राजील से टूर्नामेंट की पहली जीत की उम्मीद की जा रही है। टीम प्रबंधन का मुख्य लक्ष्य नेमार को नॉकआउट चरणों के लिए पूरी तरह फिट रखना है, जहां उनका अनुभवऔर रचनात्मक खेल बहुत काम आ सकता है।

Advertisement