न्यूमैन न्यामहूरी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट लेने वाले जिम्बाब्वे के दूसरे गेंदबाज बने, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहूरी ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में कमाल की गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए। उनकी उम्दा गेंदबाजी के बावजूद कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 294/8 का स्कोर बनाया। यह 20 वर्षीय न्यामहूरी का पहला 5 विकेट हॉल है। इस युवा गेंदबाज ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। आइए उनकी गेंदबाजी और रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।
गेंदबाजी
शानदार रही न्यामहूरी की गेंदबाजी
न्यामहूरी ने विपक्षी टीम के कप्तान मिचेल मार्श (36) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद उन्होंने जोश इंग्लिश (4) को आउट करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम को बैकफुट में धकेलने का प्रयास किया।
बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने ओलिवर पीक (30), जेवियर बार्टलेट (5) और मैट रेनशॉ (109) को भी पवेलियन की राह दिखाई।
उन्होंने 9 ओवर में 62 रन देते हुए 5 सफलताएं हासिल की।
रिकॉर्ड्स
न्यामहूरी ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
न्यामहूरी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट हॉल लेने वाले जिम्बाब्वे के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने हैं।
उनसे पहले रयान बर्ल ने 2022 में ये कारनामा (5/10) किया था।
न्यामहूरी (20 साल और 239 दिन) वनडे में 5 विकेट हॉल लेने वाले जिम्बाब्वे के सबसे युवा खिलाड़ी बने हैं।
इससे पहले यह रिकॉर्ड ल्यूक जोंगवे के नाम था, जिन्होंने 2016 में शारजाह में अफगानिस्तान के खिलाफ 5 विकेट हॉल (5/6) लिया था।
आंकड़े
ऐसा है न्यामहूरी का वनडे करियर
न्यामहूरी ने 2024 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था।
अब तक उन्होंने 7 मैचों की 6 पारियों में 23.60 की औसत और 5.75 की इकॉनमी रेट के साथ कुल 10 विकेट लिए हैं।
उन्होंने अब तक के अपने सभी मैच जिम्बाब्वे में ही खेले हैं।
अपने लिस्ट-A करियर में उन्होंने 13 मैचों में लगभग 20 की औसत के साथ 25 विकेट लिए हैं।
लेखा-जोखा
ऑस्ट्रेलिया ने बनाया बड़ा स्कोर
ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद 8 विकेट खोकर 294 रन बनाए, जिसमें मैट रेनशॉ का शतक (109) शामिल रहा।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने 36 रन की पारी खेली।
नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए कूपर कोनोली ने 51 रन बनाए।
निचले क्रम में ओलिवर पीक ने 30 रन का योगदान दिया।
ब्रैड इवांस के खाते में 2 विकेट और सिकंदर रजा ने एक विकेट लिया।