न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका: मैथ्यू ब्रीट्जके डेब्यू वनडे में 150 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
इस समय खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के मैथ्यू ब्रीट्जके ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतक (150) लगाया।
अपने वनडे डेब्यू कर रहे ब्रीट्जके ने अपनी पहली पारी में ही शतक लगाकर प्रभावित किया।
इस बीच उन्होंने जेसन स्मिथ के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी भी की।
आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही मैथ्यू ब्रीट्जके की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका से ब्रीट्जके और कप्तान तेम्बा बावुमा (20) ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े।
26 वर्षीय इस बल्लेबाज ने कीवी तेज गेंदबाजों के खिलाफ संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने 68 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
दाएं हाथ के इस बल्लेबाजों ने एक छोर से टिककर बल्लेबाजी करते हुए 128 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
वह 148 गेंदों पर 150 रन बनाकर आउट हुए।
आंकड़े
ऐसा रहा है ब्रीट्जके का लिस्ट-A करियर
वनडे डेब्यू से पहले लिस्ट-A क्रिकेट में ब्रीट्जके ने 58 मुकाबले खेले थे। इसकी 58 पारियों में 29.86 की औसत से 1,583 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 1 शतक और 10 अर्धशतक निकले है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 131* रन रहा है।
इस खिलाड़ी ने अपना पहला लिस्ट-A मुकाबला साल 2017 में खेला था। ब्रीट्जके दक्षिण अफ्रीका की अंडर-19 टीम के लिए भी खेल चुके हैं।
इतिहास
ब्रीट्जके ने रचा इतिहास
अपनी इस पारी के साथ ही ब्रीट्जके वनडे डेब्यू में 150 रन का आंकड़ा छूने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बने हैं।
डेब्यू पारी में पिछला उच्चतम स्कोर डेसमंड हेन्स के नाम (148 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1978) पर था।
ब्रीट्जके अब वनडे डेब्यू में शतक लगाने वाले दक्षिण अफ्रीका के चौथे खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले कोलिन इनग्राम (2010), बावुमा (2016) और रीजा हेंड्रिक्स (2018) ये कारनामा कर चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका ने बनाया बड़ा स्कोर
दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवर के बाद 304/6 का स्कोर बनाया। ब्रीट्जके की शतकीय पारी के अलावा वियान मुल्डर ने अर्धशतक (64) लगाया।
न्यूजीलैंड की ओर से विलियम ओरूके ने अपने 10 ओवर में 72 रन देते हुए 2 विकेट लिए।
तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने 59 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की।
कप्तान मिचेल सैंटनर कोई विकेट नहीं ले सके। उन्होंने अपने 10 ओवर में 62 रन दिए।