न्यूजीलैंड बनाम भारत: ग्लेन फिलिप्स ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना तीसरा शतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के आक्रामक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए चौथे टी-20 में शतक (107) लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा और भारत के खिलाफ पहला शतक है। इस बीच उन्होंने माइकल ब्रेसवेल के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी की। उन्होंने ईडन पार्क स्टेडियम में भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही फिलिप्स की पारी
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जब 34 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब फिलिप्स क्रीज पर आए।
उन्होंने छोटी बॉउंड्री का भरपूर फायदा उठाया और भारतीय गेंदबाजों के सामने सिर्फ 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने 5वें विकेट के लिए ब्रेसवेल (65) के साथ मिलकर 115 रन की साझेदारी की।
उन्होंने पारी के 19वें ओवर के दौरान सिर्फ 46 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
वह 49 गेंदों में 107 रन बनाकर आउट हुए।
सूची
इस सूची में शामिल हुए फिलिप्स
फिलिप्स ने भारत के खिलाफ मौजूदा सीरीज में अपना तीसरा स्कोर 50+ रन का किया है। वह इस सीरीज में अब तक 4 पारियों में 250 से अधिक रन बना चुके हैं।
इस मैच से पहले उनके स्कोर क्रमशः 17, 70 और 82* रन थे।
वह अब भारत के विरुद्ध एक टी-20 सीरीज में 3 स्कोर 50+ रन के करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने।
2022 में निकोलस पूरन और 2026 में शाई होप ऐसा कर चुके थे।
आंकड़े
फिलिप्स ने पूरे किए अपने 2,500 रन
फिलिप्स ने फरवरी 2017 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
उन्होंने अब तक 101 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 89 पारियों में लगभग 35 की औसत के साथ 2,500 से अधिक रन अपने नाम किए हैं।
वह फिलहाल इस प्रारूप में न्यूजीलैंड की ओर से तीसरे सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज हैं।
उनसे आगे सिर्फ मार्टिन गुप्टिल (3,531) और केन विलियमसन (2,575) हैं।
रिकॉर्ड्स
फिलिप्स ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स
फिलिप्स ने अपनी इस शतकीय पारी में 10 छक्के लगाए। वह अब भारत के विरुद्ध एक पारी में दूसरे सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बने।
एक पारी में भारत के खिलाफ उनसे ज्यादा छक्के एविन लुईस (12 छक्के, 2017) ने लगाए थे। फिलिप्स ने अपने तीनों शतक नंबर-4 पर खेलते हुए लगाए हैं।
वह अब नंबर-4 या उससे निचले क्रम में दूसरे सर्वाधिक शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने हैं। उनसे आगे सिर्फ ग्लेन मैक्सवेल (4) हैं।