न्यूजीलैंड बनाम भारत: ग्लेन फिलिप्स ने 5वें टी-20 में लगाया अर्धशतक, सीरीज में बनाया ये रिकॉर्ड
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के 5वें और आखिरी टी-20 मैच में 7 विकेट से जीत दर्ज की। सेडन पार्क स्टेडियम में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 192 रन के लक्ष्य को मेजबान टीम ने 18 ओवर में हासिल किया। कीवी टीम की इस जीत में ग्लेन फिलिप्स ने नाबाद 65 रन बनाए। आइए उनकी पारी और रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।
पारी
शानदार रही फिलिप्स की पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने जब 82 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब फिलिप्स क्रीज पर आए।
सेडन पार्क स्टेडियम में उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने साइफर्ट के साथ मिलकर 86 रन की साझेदारी की।
आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 38 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर नाबाद रहे।
विश्व रिकॉर्ड
एक द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने फिलिप्स
फिलिप्स अब एक द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में सर्वाधिक रन (पूर्ण सदस्यीय देशों में) बनाने वाले बल्लेबाज बने।
उन्होंने इस सीरीज में 5 पारियों में 341 रन बनाए।
इससे पहले किसी द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में सर्वाधिक रन का पिछला रिकॉर्ड इंग्लैंड के फिल सॉल्ट के नाम पर है। बता दें कि सॉल्ट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2023 में 331 रन बनाए थे।
इस सूची में तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (316 रन बनाम इंग्लैंड, 2022) हैं।
करियर
फिलिप्स ने विलियमसन को पीछे छोड़ा
फिलिप्स ने फरवरी 2017 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
उन्होंने अब तक 102 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 90 पारियों में लगभग 35 की औसत के साथ 2,627 रन अपने नाम किए हैं।
उन्होंने रनों के मामले में केन विलियमसन (2,575) को पीछे छोड़ा।
वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ मार्टिन गुप्टिल (3,531) है।
टी-20 `
5वें टी-20 में इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम
भारत से संजू सैमसन (4) और अभिषेक शर्मा (1) के जल्दी आउट होने के बाद ईशान किशन (61) और कप्तान श्रेयस अय्यर (50) ने अर्धशतक लगाए।
इसके बाद नमन धीर (33) की पारी की मदद से भारत का स्कोर 191/8 तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड को फिन एलन (2) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद टिम साईफर्ट (93), डेरिल मिचेल (29) और ग्लेन फिलिप्स (65*) ने उपयोगी योगदान देते हुए जीत दिलाई।