न्यूजीलैंड बनाम भारत: अभिषेक शर्मा ने अपनी पहली गेंद पर छक्का लगाकर बनाया ये विश्व रिकॉर्ड
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान दिलचस्प रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने क्राइस्टचर्च टी-20 में अपनी पहली ही गेंद पर बेहतरीन छक्का लगाया और इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सर्वाधिक बार पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने अफगानिस्तान के शफीकुल्लाह शिनवारी का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। आइए उनके रिकॉर्ड के बारे में जानते हैं।
रिकॉर्ड
अभिषेक ने तोड़ा शिनवारी का पिछला रिकॉर्ड
अभिषेक ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी के ओवर में अपनी पहली ही गेंद पर कवर के ऊपर से शानदार छक्का लगाया।
यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 7वां ऐसा मौका है, जब अभिषेक ने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का लगाया है।
क्रिकबज के मुताबिक, अफगानी बल्लेबाज शिनवारी ने 6 बार अपनी पहली ही गेंद पर छक्का लगाया था।
इस सूची में सूर्यकुमार यादव तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 5 बार ऐसा किया है।
पारी
आक्रामक रही अभिषेक की पारी
जीत के लिए मिले 226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक ने 12 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
उनकी इस आक्रामक पारी का अंत माइकल ब्रेसवेल ने किया।
उन्होंने सलामी जोड़ीदार संजू सैमसन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की।
अभिषेक और सैमसन की पारियों की मदद से भारत ने पावरप्ले में 94/1 का स्कोर बनाया।